शोषितों के लिए जीते थे कामरेड जयराम, पहली पुण्यतिथि पर दी गई अश्रुपूरित श्रद्धांजलि

कासिमाबाद, गाजीपुर। कामरेड जयराम सिंह जीवन पर्यंत शोषितों, दलितों एवं दबे कुचले वंचितों के लिए संघर्ष करते रहे और उन्होंने अंतिम समय तक उनके हित के लिए काम किया।

उक्त बातें सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव एवं पूर्व विधायक कामरेड इम्तियाज अहमद ने क्षेत्र के थाना पार्क में स्व. जयराम की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कहीं। कहा कि आज के परिवेश में कामरेड जयराम सिंह जैसे राजनीतिक लोगों की जरूरत है। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह ने कहा कि गरीब दबे कुचले लोगों की लड़ाई लड़ने वाले लोगों की कमी होती जा रही है। आज के परिवेश में राजनीति की परिभाषा बदल गई है और वर्तमान में जमीने से जुड़े राजनेताओं की बजाय आडंबर और धन बल का प्रयोग करने वालों का बोलबाला हो गया है। यही कारण है कि आजादी के 70 साल बाद भी देश में समानता का अधिकार सामाजिक रूप से नहीं दिखता है। किसान सभा के प्रांतीय महामंत्री एवं पूर्व विधायक राजेंद्र यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कामरेड जयराम सिंह के निधन के बाद जनपद में इस संघर्षशील नेता की कमी हमेशा खलेगी। वह हमेशा किसान सभा और पार्टी के लिए लड़ते रहे। इसके पूर्व उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव, देवेंद्र मिश्र, कमला शंकर यादव, कन्हाई राम प्रजापति, सुभाष चंद्र सिंह यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख रामायण यादव, सुरेंद्र राम, रामअवध, जनार्दन राम, देवेंद्र सिंह, शमीम अहमद, श्यामा प्रसाद, रामलाल, अशोक मिश्र, कृपाशंकर सिंह, रामबदन यादव, रामलाल पांडेय, बच्चे लाल, रामशुक्ला, राम मोहन दुबे, रमेशचंद्र पाल, रामबचन बिंद, जितेंद्र राजभर, सुभाष कुशवाहा, राजेश सिंह बबलू, अब्दुल अली, हरिहर यादव, अवधेश भारती, सुरेश वाडेकर आदि मौजूद थे। संचालन डॉ. राम बदन सिंह ने किया।