सैदपुर : दो दिनों पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष ने अस्पताल में तोड़ा दम, शोक की लहर



सैदपुर। दो दिनों पूर्व गाजीपुर में सड़क दुर्घटना में घायल भाजपा के किसान मंडल के अध्यक्ष ने आखिरकार इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पार्टी में भी शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के मुबारकपुर माहपुर गांव निवासी 45 वर्षीय श्याम प्रकाश पांडेय पुत्र नन्हकू पांडेय भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे और वर्तमान में सादात दक्षिणी से किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष थे। घर पर खेती आदि भी करते थे। दो दिनों पूर्व वो अपने साथी जौनपुर निवासी मुन्ना सिंह के साथ बाइक से गोरखपुर से आ रहे थे। अभी वो गाजीपुर पहुंचे थे कि तभी सामने अचानक जानवर आ गया। जिससे वो टकरा गए और गिर गए। उसी समय पीछे से कोई वाहन आ गया और उसने टक्कर मार दी। जिसमें श्याम के सिर में गंभीर चोट आई थी। उनका इलाज चल रहा था लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। वहीं पार्टी में भी शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की। मृतक दो भाईयों में बड़े थे और वो अपने पीछे दो संतान सहित पत्नी व माता पिता को छोड़ गए हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दोनों पुत्रों का चयन केंद्रीय विद्यालय में हो गया है।