सिधौना : अनौनी में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रैक्टर से टकराई, मारकंडेय महादेव धाम के मुख्य पुजारी व होमगार्ड की मौत, 2 घायल



सिधौना। खानपुर थानाक्षेत्र के अनौनी में मिट्टी लदे ट्रैक्टर खड़े से एक तेज रफ्तार बाइक की भीषण टक्कर हो गयी। जिसमें मार्कण्डेय महादेव के मुख्य पुजारी व चोलापुर थाने के होमगार्ड की दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं उनके 2 रिश्तेदार गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा, वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कैथी निवासी 42 वर्षीय संजय गिरी मार्कण्डेय महादेव तीर्थ के मुख्य पुजारी थे, साथ ही चोलापुर थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात थे और वो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हो चुके थे। उनके भाई संदीप गिरी का पैर टूटने की वजह से वो अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें अस्पताल में कम्बल आदि सामान पहुंचाने के लिए वो बाइक से जा रहे थे। उनके साथ उनके नजदीकी रिश्तेदार 17 वर्षीय आदित्य गिरी पुत्र अजय गिरी निवासी लालगंज आजमगढ़ व 22 वर्षीय हिमांशु गिरी पुत्र अनिल गिरी निवासी दरीबा, जफराबाद, जौनपुर भी थे। अभी वो अनौनी के पुल पर पहुंचे ही थे कि वहां सामने से आ रहे वाहन की तेज हेडलाइट से उनकी आंखें चुंधिया गयी और उनकी बाइक अनियंत्रित हो गयी। जिसके बाद सड़क किनारे खड़ी मिट्टी लदे ट्रैक्टर में उनकी बाइक की भीषण टक्कर हो गई। जिसमें सिर पर गम्भीर चोट लगने से संजय की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं आदित्य व हिमांशु बुरी तरह से घायल हो गए। इधर घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस के सहयोग से एम्बुलेंस बुलाकर तीनों को उपचार के लिए सैदपुर सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाकी दोनों का उपचार किया गया। इधर घटना के बाद रोते बिलखते हुए मृतक की पत्नी सहित उनके दोनों बच्चे लवकुश व गुलशन पहुंचे। उनकी चीख पुकार देखकर हर कोई मर्माहत हो जा रहा था। उनके बच्चे इस कदर दुखी होकर रो रहे थे कि वो रोते हुए गिर गए और आंशिक रूप से घायल हो गए। इधर रात में ही सीएचसी में नायब तहसीलदार विजयकांत पांडेय व थानाध्यक्ष प्रवीण यादव पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
