भीमापार : स्कूलों में होली की छुट्टियां होते ही बच्चों ने किया धमाल, साथियों व शिक्षकों को किया रंगों से सराबोर



भीमापार। ऐसे तो होली का पर्व होलाष्टक लगते ही शुरू हो जाता है लेकिन स्कूलों में बच्चे तब धमाल मचाते हैं, जब स्कूलों में त्योहार की छुट्टियां हो। बुधवार को शिक्षण कार्य के बाद पूरे क्षेत्र के हर स्कूल में होली की छुट्टियां हो गईं। दोपहर में छुट्टी होते ही बच्चे होली की मस्ती में सराबोर नजर आए। स्कूलों में बच्चों ने जमकर होली खेली और धमाल मचाया। स्कूलों के बाद बच्चों ने स्कूल वाहनों में भी जमकर होली खेली। वहीं स्कूलों में बच्चों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी होली के रंगों में रंगी नजर आईं। इसी क्रम में क्षेत्र के जगदीशपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में बच्चों ने होलिकोत्सव मनाया। एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली। अध्यापिका पूजा मिश्रा ने बच्चों को होली के पर्व के महत्व के बारे में बताया और होली पर्व क्यों मनाते हैं, इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होली आपसी सद्भाव व प्रेम का त्योहार है। प्रधानाध्यापक मनोज सिंह ने विद्यार्थियों और अध्यापकों को होली की शुभकामनाएं दी और त्योहार को बड़े हर्षोल्लास से मनाने की अपील की। कहा कि होली परंपरा, खुशहाली और भाईचारे की भावना का त्योहार है। हमें इसे प्रेम की भावना से मनाना चाहिए। होली बुराई पर अच्छाई का प्रतीक है। हमें होलिका दहन में अपनी सभी बुराइयों का दहन कर देना चाहिए।