आंकुशपुर के कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री, धीमी निर्माण गति पर कार्यदायी संस्था को फटकारा



गाजीपुर। जनपद के आंकुशपुर में स्थापित हो रहे कृषि विज्ञान केन्द्र का संचालन आचार्य नरेन्द्र देव कृषि विश्वविद्यालय करेगा। कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से कृषि की नई प्रजाति और नये तकनीकी से कृषि उत्पाद पैदा करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। ये बातें प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने मुहम्मदाबाद के रास्ते वाराणसी जाते समय निर्माणाधीन कृषि विज्ञान केन्द्र आंकुशपुर के निरीक्षण के दौरान कही। कहा कि इस कृषि विज्ञान केन्द्र के माध्यम से किसानों, महिलाओं की आमदनी कैसे बढे़, इसकी पूरी व्यवस्था की जा रही है। लोगों को कौशल विकास के माध्यम से प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ा जाएगा। किसानों को नये प्रकार की वैज्ञानिक खेती, नये तकनीकी का प्रदर्शन कर लोगों को पूरी तरह से कृषि आधारित कार्यों से जोड़ा जाएगा। उन्हें बागवानी, पशुपालन तथा सब्जी उत्पादन से सक्षम बनाएंगे। कहा कि यहां हाईटेक नर्सरी लगाई जाएगी, जहाँ से सस्ते दर पर पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। मंत्री ने कृषि विज्ञान केन्द्र के निर्माण की धीमी गति पर सम्बंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को चेतावनी भी दी तथा आस पास के किसानों की समस्याओं को सुना और पौधरोपण भी किया। इससे पहले मंडल अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर एनजीओ प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रविन्द्र श्रीवास्तव, जिला मंत्री सुरेश बिंद, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, विनीत शर्मा, मुरली कुशवाहा, तेजबहादुर सिंह, लल्लन शर्मा, उदय प्रताप सिंह, मनोज कुशवाहा, अजय बिंद, अरविन्द सिंह, अनूप बिंद, उषा देवी, राकेश कुमार आदि रहे।
