उफनाने के बाद आमजन को लीलने लगी गंगा व गोमती, 48 घंटों के अंदर गंगा में डूबने से हुई तीसरी मौत, कुछ घंटे पहले ही छुट्टी पर आया था युवक



सैदपुर। क्षेत्र में बाढ़ आते ही लोगों के नदियों में डूबने का सिलसिला शुरू हो गया है। बीते 48 घण्टों के भीतर 3 लोग नदियों में डूब चुके हैं, जिसमें से दो ही लाश मिल चुकी है और एक की तलाश जारी है। नया मामला सैदपुर के बूढ़ेनाथ महादेव घाट का है। शनिवार की शाम को अभी वार्ड 9 के महावीर घाट पर नहाने के दौरान डूबा अधेड़ अभी मिला भी नहीं था कि अब वार्ड 14 स्थित बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर साथियों संग नहा रहा युवक डूब गया। घंटों तक मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने उसका शव ढूंढ निकाला। जिसके बाद परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर उन्हें सौंप दिया। वहीं घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। करंडा के नारी पंचदेवरा निवासी 19 वर्षीय कमल किशोर पुत्र केदार अपने मिर्जापुर सरैंया स्थित ननिहाल में बीती रात आया था। वो महाराष्ट्र के नासिक में जेसीबी चलाता था और कल ही छुट्टी लेकर घर आया था। इस बीच रात में वो अपने ननिहाल चला आया। वहां से वो अपने 3 दोस्तों संग बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर आया और नहा रहा था। नहाते हुए वो गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। साथियों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन बचा न सके। इसके बाद मुहल्ला निवासी अभिषेक साहा अपने गोताखोर साथियों संग वहां पहुंचे और उसकी तलाश में जुट गए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शव वहां से कुछ दूर मिला। जिसे निकालकर उन्होंने वहां मौजूद चौकी इंचार्ज पवन यादव को सौंपा। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने शव की मांग की तो पुलिस ने पंचनामा कर उन्हें सौंप दिया।