नंदगंज : जान से मारने के लिए जान बूझकर टोटो से रौंदने का आरोप लगाकर पीड़ित ने चालक के खिलाफ दी तहरीर



नंदगंज। थाना के सरायशरीफ गांव निवासी एक व्यक्ति ने टोटो चालक पर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए थाने में नामजद तहरीर दी है। गांव निवासी पारस कुमार ने बताया कि वो बीते 7 अप्रैल की रात करीब साढ़े 8 बजे अपने घर जा रहा था। बताया कि उसी समय देखा कि एक टोटो हेडलाइट की हाईबीम जलाकर तेजी से उसी की तरफ आ रहा था। बताया कि हाईबीम जली होने के चलते उसे सड़क पर सामने कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। जिससे वो बाईं तरफ एक किनारे खड़ा हो गया। बताया कि इसके बाद नजदीक आने पर टोटो चालक ने किनारे खड़े होने के बावजूद जान से मारने की नीयत से जान बूझकर मेरी तरफ टोटो को अचानक घुमा दिया। आखिरी मौके पर ये देखकर पारस एक किनारे हटा, इसके बावजूद वो टोटो के पिछले हिस्से की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो गया। उसने देखा कि टोटो उसी के गांव का निवासी बुद्धू बिंद चला रहा था। इसके बाद वो भाग गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पारस को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। उसने आरोपी चालक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।