गाजीपुर : योगी सरकार के 8 साल पूरे होने पर प्रभारी मंत्री ने गिनाई उपलब्धियां, जिले को मिली हर सौगात की दी जानकारी



गाजीपुर। केंद्र सरकार के 10 वर्ष व उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूरे होने पर जिले के प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हॉउस में प्रेस वार्ता की। उन्होंने प्रदेश सरकार की 8 साल की उपलब्धियां गिनाई और बदलते उत्तर प्रदेश पर प्रकाश डाला। इसके बाद सूचना व जनसम्पर्क विभाग द्वारा उपलब्ध करायी गयी ‘सबका साथ-सबका विकास‘ उत्कर्ष के 8 साल व यूपी के उपयोगी आठ वर्ष के रिपोर्ट कार्ड पुस्तक का विमोचन किया। बताया कि जिले में 208.85 करोड़ की लागत से मेडिकल कालेज की स्थापना का कार्य कराया गया तथा 9.99 करोड़ की लागत से स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय नर्सिंग कालेज की स्थापना का कार्य कराया जा रहा है। वाराणसी-गोरखपुर हाईवे के चौड़ीकरण एवं पुर्ननिर्माण का कार्य कराया गया। जिले में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके निर्माण के बाद एनएच-29 व एनएच-19 से सीधे जुड जाएंगे। बताया कि मऊ-ताड़ीघाट रेल परियोजना दिलदारनगर के तहत गाजीपुर सिटी से नगर को जोड़ने वाली रेलवे लाइन प्रारम्भ हो चुकी है। इस प्रोजेक्ट में गंगा नदी के ऊपर रेलकम रोड ब्रिज बनाया गया है। जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के तहत 35 किमी एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया गया है। एनएच-124डी के अन्तर्गत सैदपुर-सादात मरदह के चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। जनपद में कुल 3041.75 करोड़ के कुल 329 ओएमयू प्राप्त हुए हैं। जिसमें से 576 करोड़ के 96 प्रोजेक्ट क्रियाशील हो गए हैं। बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 80 हजार 225 लाभार्थी तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 10 हजार 617 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत कुल 4 लाख 30 हजार 884 लाभार्थियों को कुल 1406 करोड़ की धनराशि से लाभान्वित किया गया। इसके अलावा जमानियां के गहमर में 9.44 करोड़ की लागत से राजकीय महाविद्यालय का निर्माण, 152.83 करोड़ की लागत से 1 सीवरेज, 21 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट एण्ड डिस्पोजल फॉर गाजीपुर सिटी का निर्माण कराया गया है। इसके बाद जिले में 2017 से 2025 के बीच 8 वर्षों में महत्वपूर्ण विभागों की उपलब्धियों का बखान किया। बताया कि किसान ऋण मोचन में 55 हजार 983 किसानों का 32 हजार 175 लाख रूपये का ऋण माफ किया गया। वहीं 2 लाख 67 हजार 428.49 मीट्रिक टन गेहूं (275.80 प्रतिशत वृद्धि) तथा 13 लाख 90 हजार 309.86 मीट्रिक टन धान (142.76 प्रतिशत वृद्धि) के साथ खरीदा गया। 1433.3 मीट्रिक टन श्री अन्न की खरीदारी कर लाभार्थियों को वितरित कराया गया। स्वच्छ भारत मिशन में 4 लाख 35 हजार 579 व्यक्तिगत शौचालय एवं 1229 सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया। 63 हजार 126 निराश्रित महिलाओं, 64 हजार 7332 वृद्धावस्था पेंशन, 4118 दिव्यांगजनों को पेंशन वितरित की जा रही है। 6033 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी कराया गया। बताया कि 24 हजार 445 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला व 298 को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ मिला है। जनपद में अब तक 12 लाख 48 हजार 068 जनधन खाते खोले गये हैं। वहीं 1 लाख 60 हजार 842 लाभार्थियों को अटल पेंशन प्रदान की जा रही है। 7 लाख 91 हजार 591 लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड तथा 6 लाख 29 हजार 736 राशन कार्ड जारी किये गये हैं। साथ ही 5 लाख 97 हजार 739 राशन कार्ड धारकों में निःशुल्क राशन का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा सभी उपलब्धियों को क्रमशः साझा किया। इस मौके पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र प्रसाद, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, पारसनाथ राय, अभिनव सिन्हा, शशिकान्त शर्मा आदि रहे।