जमानियां : खेत में पानी देने गई किशोरी की किनारे मिली साइकिल व चप्पल और गंगा में मिली लाश, पिता ने 2 युवकों पर लगाया गंभीर आरोप





जमानियां। थानाक्षेत्र के रघुनाथपुर में खेत में पानी देने गई किशोरी की रहस्यमयी स्थिति में गायब होने व उसकी साइकिल व चप्पल गंगा किनारे मिलने के बाद परिजनों ने गांव निवासी 2 युवकों पर किशोरी का अपहरण करने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की है। जिसके बाद पुलिस ने गंगा में किशोरी की तलाश कराने के साथ ही अन्य तरीके से भी खोजबीन शुरू कर दी है। काफी मशक्कत के बाद किशोरी की लाश नदी में गिरे पेड़ की टहनी में फंसी मिली। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पिता की तहरीर पर पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। गांव निवासिनी 15 वर्षीय नेहा बिंद उर्फ माला पुत्री बसंत बिंद के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 7 बजे वो खेत में चरी की फसल को पानी देने गई थी। बताया कि बोरिंग से पाइप जोड़ने के बाद किशोरी गायब हो गई। जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो वो नहीं मिली लेकिन शनिवार की सुबह उसकी साइकिल व चप्पल गंगा नदी किनारे श्मशान घाट के पास मिली। जिसके बाद परिजन हलकान हो गए। आशंका जताई कि उसके साथ कुछ अनहोनी हो गई है। परिजनों ने अपने गांव निवासी एक युवक सहित जीवपुर गांव निवासी एक युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी। बताया कि किशोरी उन दोनों युवकों से बात करती थी। उन दोनों ने ही उसे गायब किया होगा। वहीं गंगा किनारे उसकी चप्पल व साइकिल मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों से भी उसकी गंगा में तलाश कराई लेकिन वो नहीं मिली। मौके पर भारी भीड़ जुट गई थी। इधर पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और दोनों युवकों के घर पहुंची तो वो दोनों युवक भी अपने घरों से गायब मिले। जिससे पिता की आशंका को बल मिल गया है। वहीं गंगा में खोजने के दौरान एक पेड़ की टहनी में फंसी हुई किशोरी की लाश मिली। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पिता बार-बार रोते हुए यही कर रहे थे कि उन दोनों युवकों का ही बेटी की मौत में हाथ है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। मृतका 4 बहनों व 2 भाईयों में सबसे बड़ी थी। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< देवकली : तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की हालत गंभीर
करंडा : निरीक्षण में बिना सूचना के गायब मिले शिक्षक नेता पर हुई कार्रवाई तो खंड शिक्षा अधिकारी पर ही लगाने लगे भ्रष्टाचार का आरोप >>