देवकली : अराजक तत्वों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख के गांव नैसारा में क्षतिग्रस्त की अंबेडकर प्रतिमा, विधायक आदि ने मंगवाई नई मूर्ति



देवकली। क्षेत्र के नैसारा गांव में लगी अंबेडकर प्रतिमा को अराजक तत्वों ने बीती रात क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब बस्तीवासी उधर से गुजरे तो घटना देख उनमें आक्रोश पनप गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शन किया। इधर सूचना पाकर मौके पर नायब तहसीलदार व पुलिस पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया बुझाया। वहीं घटना के बाद सदर विधायक जयकिशुन साहू व पूर्व ब्लॉक प्रमुख सच्चेलाल यादव भी मौके पर पहुंचे। सभी ने ग्रामीणों को समझाया और नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया, तब जाकर वो माने। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सच्चेलाल यादव के गांव नैसारा में लगी अंबेडकर प्रतिमा को बीती रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इस बात का पता चलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और वो काफी संख्या में वहां जुटकर नारे लगाने लगे। इधर सूचना मिलते ही प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। मौके पर तत्काल पुलिस पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसके बाद नायब तहसीलदार द्वय विजयकांत पांडेय व विश्राम यादव सहित विधायक जयकिशुन साहू व पूर्व ब्लॉक प्रमुख सच्चेलाल यादव पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। लोगों का आरोप था कि फरवरी से अप्रैल तक के बीच में हर साल अराजक तत्वों द्वारा ऐसी हरकत की जाती है। ऐसे में सीसी कैमरा लगाने की भी मांग की। इसके बाद मौके पर नई प्रतिमा लगाने का भरोसा देते हुए सभी ने नकदी दिया और प्रतिमा लाने के लिए एक व्यक्ति को भेजा गया। वहीं सदर विधायक ने वहां पर फर्श बनाने व लाइट लगवाने का भरोसा दिया, तब जाकर लोग माने। इस दौरान सदर विधायक ने 25 हजार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने 20 हजार रूपए सहित अन्य कुछ लोगों ने भी रूपए देकर प्रतिमा मंगवाई। करीब 2 घंटे तक धरने के बाद सभी लोग मान गए और वापस चले गए। इस मौके पर नायब तहसीलदार सहित थानाध्यक्ष कमलेश कुमार आदि रहे।