सैदपुर : आखिरकार जिंदगी से जंग हार गए तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पियरी में घायल पीआरडी जवान, परिजनों में मचा कोहराम


सैदपुर। थानाक्षेत्र के पियरी में बीते बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल पीआरडी जवान की आखिरकार मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विक्रमपुर निवासी 50 वर्षीय राममूरत राम पुत्र भुखई राम पीआरडी जवान थे और उनकी ड्यूटी बड़हरा स्टेडियम में लगाई गई थी। इस बीच बीते बुधवार की सुबह वो रोज की तरह ड्यूटी करने जा रहे थे। जिसके लिए वो पियरी में गोरखपुर वाराणसी फोरलेन पार कर रहे थे। उसी समय तेज रफ्तार चार पहिया ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटना में जवान का पैर उल्टी दिशा में मुड़ गया था, साथ ही वो गंभीर रूप से घायल हो गए। थे। उपचार के लिए उन्हें सीएचसी से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया था लेकिन वहां उपचार के दौरान सोमवार की सुबह करीब 7 बजे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजन रोते बिलखते थाने आए। 3 भाईयों में सबसे बड़े राममूरत अपने पीछे पत्नी शुभावती देवी, 5 पुत्रियां व 2 पुत्र समेत पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बेटी की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते वो अपने एक नाती व 2 नातिन की भी जिम्मेदारी उठाते थे। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बेटी वासुदत्ता की शादी आज से 7वें दिन यानी आगामी 4 मई को तय की थी। पिता की मौत के बाद वासुदत्ता समेत सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।