सादात : गर्मी से बचने के लिए बक्से पर सो रहे मासूम को सांप ने डंसा, जान बचाने के लिए गुहार तक न लगा सका मासूम





सादात। थानाक्षेत्र के सरैयां में सो रहे मासूम बच्चे को सांप ने डंस लिया। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी 7 वर्षीय आदित्य यादव पुत्र इंद्रजीत यादव अपने परिजनों के साथ घर में सो रहा था। सभी लोग बिस्तर पर थे तो गर्मी के चलते वो बक्से पर सो गया था। इस बीच रात में किसी समय उसे सांप ने डंस लिया लेकिन नींद में होने के चलते वो किसी को बता नहीं सका। इधर भोर में जब परिजन उठे तो देखा कि आदित्य के मुंह से झाग निकल रहा था। ये देखकर उनके होश उड़ गए। चीखते चिल्लाते उन्होंने आदित्य को झकझोरा तो उसमें कोई हरकत नहीं हुई। जिसके बाद उसे लेकर झाड़फूंक के लिए भागे लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मां नीतू सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। पूर्व प्रधान महेंद्र यादव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं लेखपाल ने आर्थिक स्थिति का मुआयना किया। लोगों ने परिवार की आर्थिक मदद की मांग की है। थानाध्यक्ष संतोष राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< करंडा : आंकुशपुर के कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक को मेरठ में कृषि मंत्री ने किया सम्मानित, कुलपति ने सराहा
जखनियां : सोने के पूर्व फ्रिज से सामान निकाल रही वृद्धा को सांप ने डंसा, कभी न उठने वाली नींद में सो गई वृद्धा, कोहराम >>