देवकली बाजार स्थित सर्राफे की 3 दुकानों पर दर्जन भर बदमाशों ने किया हमला, फेंका तेजाब, कई घायल व एक झुलसा


देवकली। रामपुर मांझा थानाक्षेत्र के देवकली बाजार स्थित कई सर्राफे की दुकानों पर दोपहर डेढ़ बजे अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया और लाठी डंडों से मारने के साथ ही तेजाब तक फेंक दिया। घटना में कई लोग घायल हो गए तो एक व्यक्ति तेजाब से जल भी गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर तत्काल सीओ सहित थानाध्यक्ष पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। देवकली बाजार में विशाल ज्वेलर्स, दीपक ज्वेलर्स, रामाधार ज्वेलर्स के नाम से दुकानें हैं। वहां पर दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइकों से करीब एक दर्जन अज्ञात बदमाश पहुंचे और जब तक कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने लाठी डंडों से लोगों को मारना शुरू कर दिया। डंडे से मारने के चलते गोपाल वर्मा 55 सहित दीपक वर्मा, अमित वर्मा, विशाल वर्मा आदि घायल हो गए। वहीं बदमाश इतने पर भी नहीं रूके और उन्होंने तेजाब तक फेंक दिया। जिसमें अमित वर्मा के हाथ पर तेजाब पड़ने से उनका हाथ जल गया। वहीं लोगों में लापरवाही से तेजाब फेंकने में दो बदमाशों का भी हाथ जल गया है। घटना के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। मौके पर सीओ व रामपुर मांझा के एसओ जितेंद्र सिंह मय फोर्स पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। घटना के बाद पूरे बाजार में सनसनी फैल गई है।