दुल्लहपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता बहुगुणा जोशी पहुंचीं दुल्लहपुर, ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ के लाभ गिनाकर चलाया हस्ताक्षर अभियान



दुल्लहपुर। एक राष्ट्र-एक चुनाव अभियान के क्रम में शनिवार को क्षेत्र के सिखड़ी स्थित शबरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महिला सम्मलेन का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ की अवधारणा को विस्तार से समझाया। कहा कि ये योजना देश के संसाधनों की बचत, चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और प्रशासनिक गतिविधियों को बाधित किए बिना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल है। कहा कि बार-बार चुनाव कराने से न केवल खर्च बढ़ता है और देश के खजाने पर बोझ पड़ता है, बल्कि विकास कार्यों में भी रुकावट आती है। कहा कि यदि देश भर में एक साथ चुनाव हों, तो इससे समय और संसाधनों की बड़ी बचत होगी और जनता को भी बार-बार मतदान प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक देश-एक चुनाव पर विचार के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में 2 सितंबर 2023 को एक कमेटी बनाई गई थी। कमेटी ने करीब 191 दिनों में स्टेकहोल्डर्स और एक्सपर्ट्स से चर्चा के बाद 14 मार्च 2024 को अपनी रिपोर्ट राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपी है। कहा कि एक देश-एक चुनाव को लागू करने के लिए संविधान संशोधन के जरिए संविधान में 1 नया अनुच्छेद जोड़ने और 3 अनुच्छेदों में संशोधन करने की व्यवस्था की जाएगी। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि चुनावों में होने वाले अत्यधिक खर्च को रोकने के लिए यह कदम जरूरी है। एक साथ चुनाव कराने से सरकारी खजाने पर वित्तीय बोझ कम होगा, क्योंकि इससे बीच-बीच में होने वाले चुनावों पर होने वाले व्यय का दोहराव नहीं होगा। चुनावों के एक साथ होने से आर्थिक स्थिरता और विकास में वृद्धि होगी, जिससे व्यवसाय प्रतिकूल नीतिगत परिवर्तनों के भय के बिना निर्णय लेने में सक्षम होंगे। नपा अध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजक सरिता अग्रवाल ने छात्राओं से अपील किया कि वे इस महत्वपूर्ण विषय पर जागरूक हों और अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को इसके फायदे समझाएं। कहा कि जब सरकार के तीनों स्तरों पर एक साथ चुनाव कराए जाएंगे तो इससे उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला चक्र में व्यवधान से बचा जा सकेगा। क्योंकि इससे प्रवासी श्रमिकों को वोट डालने के लिए छुट्टी लेने से रोका जा सकेगा। कहा कि इसके लिए आज हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। आप लोगों के द्वारा जो हस्ताक्षर किया जाएगा, उसे महामहिम राष्ट्रपति को भेजा जाएगा। इसके बाद महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष साधना राय ने प्रस्तावना को पढ़ा। इस मौके पर रुद्रा पाण्डेय, पूनम मौर्या, सीता सिंह, सरोज मिश्रा, किरन सिंह, माया सिंह, प्रीति गुप्ता, मीनू मौर्या, अनीता देवी, नीलिमा गांधी, विनीता सिंह, कल्पना कुशवाहा, प्रीति रावत आदि रहे। अध्यक्षता उप प्राचार्य नीलम राय व संचालन माया सिंह ने किया।