एमजेआरपी स्कूल में हुआ दो दिवसीय आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का शुभारंभ, बच्चों की अनोखी कृतियाँ देख दंग रह गए अतिथि


ग़ाज़ीपुर। क्षेत्र के जगदीशपुरम स्थित एमजेआरपी स्कूल में दो दिवसीय आर्ट एण्ड क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसका शुभारम्भ बतौर मुख्य अतिथि बीएचयू के सहायक प्रवक्ता द्वय डॉ शान्ति स्वरूप सिन्हा व डॉ मनीष अरोड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कला प्रदर्शनी में कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्रों ने अपनी चित्रावलियों का प्रदर्शन किया था। जिसमें कला व आर्ट एण्ड क्राफ्ट से संबंधित कलाकृतियों में भारत माता, पेड़ लगाओ देश बचाओ, गंगा स्वच्छता अभियान, बालश्रम एवं सर्व शिक्षा अभियान आदि की प्रदर्शनी मौजूद रही। प्रदर्शनी में मुख्य आकर्षण चन्द्रयान- 3 व महेंद्र सिंह धोनी का व्यक्तिचित्र रहा। प्रबंधक राजेश कुशवाहा व सह प्रबंधक संध्या कुशवाहा ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जमकर सराहना की। कहा कि इस कला प्रर्दशनी में लगायी गयी कलाकृतियों में जीवन की अभिव्यक्ति स्पष्ट झलकती है। इन कलाकृतियों के माध्यम से समाज को अप्रत्यक्ष रूप से बदलने का प्रयास किया गया है। विशिष्ट अतिथि डॉ मनीष अरोड़ा ने कहा कि चित्र की भाषा इतनी सरल एवं सहज होती है कि इसे शिक्षित एवं अशिक्षित दोनों ही बड़ी सहजता से समझ लेते हैं। यदि हम चाहे तो घर में पड़ी बेकार चीजों का प्रयोग कर हम अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कला के क्षेत्र में करते हुए नयी चीजों का निर्माण कर सकते हैं। यदि हम प्रसन्नता के साथ कोई कार्य करते हैं तो निश्चित उस कार्य में विशिष्टता दिखाई देती है, जो हमें यहा कला प्रदर्शनी में देखने को मिली। इसके बाद राखी मेकिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य सुदर्शन सिंह कुशवाहा, हरि कुशवाहा, महजबीन बानो, अनिल कुशवाहा, राजीव गुप्ता, धनलक्ष्मी वर्मा, दिनकर सिंह आदि रहे। संचालन उपप्रधानाचार्य राकेश पाण्डेय ने किया।