सादात : साथियों संग नहा रहे डूबे किशोर का घर पहुंचा शव, परिजनों में हाहाकार, गांव में नहीं जला चूल्हा, हुआ अंतिम संस्कार


सादात। बहरियाबाद थानाक्षेत्र के सलेमपुर बघाईं स्थित पोखरे में नहाने के दौरान डूबे किशोर का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। जहां परिजनों में हाहाकार मच गया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि राजापुर गांव निवासी 15 वर्षीय अमर कुमार गोलू पुत्र संजय रविवार को अपने साथियों के साथ सलेमपुर बघाईं स्थित पोखरे में हमेशा की तरह नहा रहा था, इसी बीच वो गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसे बचाने में उसका एक दोस्त भी डूब गया। लेकिन गांव के मजदूरों ने तुरंत कूदकर दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक अमर की मौत हो चुकी थी। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो उसकी मां लालसा देवी सहित उसके 2 भाई व 3 बहनों का रोरोकर बुरा हाल था। उनका करुण क्रंदन सुनकर हर किसी का दिल दहल जा रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में चूल्हा नहीं जला था। सोमवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया।