सादात : साथियों संग नहाने के लिए जखनियां से बहरियाबाद आए किशोर की पोखरे में डूबकर मौत, मचा कोहराम


सादात/जखनियां। बहरियाबाद थानाक्षेत्र के सलेमपुर बघाईं गांव स्थित पोखरे में नहा रहे 2 किशोर डूब गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर जुटे लोगों ने तत्काल दोनों की तलाश शुरू की और दोनों को बाहर निकाल लिया। दोनों को फौरन अस्पताल ले गए, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने उसे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जखनियां के राजापुर गांव निवासी 15 वर्षीय अमर कुमार गोलू पुत्र संजय रविवार की सुबह अपने साथियों के साथ सलेमपुर बघाईं स्थित पोखरे में हमेशा की तरह नहाने गया था। वहां नहाते हुए वो गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देखकर उसका एक साथी उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा लेकिन वो भी डूबने लगा। ये देख उसके बाकी के दोस्तों ने शोर मचाया तो सुनकर बगल में काम कर रहे मजदूर उन्हें बचाने के लिए कूदे और कुछ देर बाद दोनों को बाहर निकाला। लेकिन गोलू अचेत हो चुका था। दोनों को फौरन रायपुर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां गोलू को मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद उसके परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक 3 बहन व 2 भाईयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत के बाद मां लालसा देवी सहित भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद मौके पर लेखपाल भी पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चे हमेशा पोखरे पर नहाने जाते थे। आज की घटना से हर कोई मर्माहत है। थानाध्यक्ष दिनेश चंद्र पटेल ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।