लालसा इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने चलाई नन्हीं कूंची, उकेरा मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम का जीवनवृत्त


बहरियाबाद। क्षेत्र के रायपुर स्थित लालसा इंटरनेशनल स्कूल में स्कूली बच्चों के बीच दशहरे के मौके पर रंगोली व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने बड़े हर्षोल्लास के साथ ‘असत्य पर सत्य की जीत’ विषयक विजयादशमी व दुर्गा पूजा पर कलाकृतियों को बनाया। उन्होंने अपनी कूची के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जीवन का वर्णन करते हुए ‘असत्य पर सत्य की जीत’ का चित्रण किया। प्रबंधक अजय कुमार यादव ने छात्र-छात्राओं के कलाकृतियों की सराहना करते हुए उनके उत्साह को बढ़ाया और उन्हें विजयादशमी के महत्व की विशेषता बताई। कहा कि ये त्योहार भारतीय संस्कृति के वीरता का पूजक व शौर्य का उपासक है। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जीवन से सीखने की अपील की। कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम युद्ध की देवी मां दुर्गा के भक्त थे। उन्होंने युद्ध के दौरान पहले नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा की और 10वें दिन रावण का वध किया। इसलिए श्रीराम की विजय के प्रतीक स्वरूप इस पर्व को विजयादशमी कहा जाता है। प्रबंधक अजय यादव ने बताया कि हमारा प्रयास रहता है कि सभी छात्र-छात्राओं को भारतीय संस्कृति से समय-समय पर अवगत कराया जाए। राष्ट्र निर्माण के लिए ये कदम अत्यंत ज़रूरी है।
