अपनी बड़ी बहन के देवर से प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता की मिली लाश, दहेज हत्या में पति जाएगा जेल


खानपुर। अपनी ही बहन के देवर से दो वर्ष पूर्व प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता का शव सोमवार को उसके कमरे में मिला। उसके शरीर पर चोट के भी निशान थे। जिसके बाद हड़कंप मच गया। मामला थानाक्षेत्र के दाउदपुर का है, जहां रविवार की रात विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। इस मामले में पति पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है। खानपुर के पटना निवासिनी रचना यादव 20 पुत्री राजेंद्र यादव के बड़ी बहन ममता यादव की शादी दाउदपुर में हुई थी। इस बीच आते-जाते हुए रचना की आंख बहन के बड़ी बहन के देवर बनारसी यादव पुत्र लालू से लड़ गई और दोनों ने दो वर्ष पूर्व शादी कर ली। लोगों के अनुसार, दो सालों से निःसंतान दंपति के बीच आए दिन झगड़े होते थे। वहीं पिता राजेंद्र का आरोप है कि बोलेरो चलाने वाला बनारसी अपनी गाड़ी लेने के लिए दो लाख रूपए का दहेज मांग रहा था। इस बीच रविवार की रात फिर से किसी बात पर नाराज होकर रचना अपने कमरे में चली गई। अगली सुबह जब देर तक दरवाजा नहीं खुला तो सभी सशंकित हो गए। जिसके बाद रचना की बड़ी बहन ममता दरवाजा खुलवाने गई। न खुलने पर मायके से परिजनों को बुलवाया। इसके बाद दरवाजा खुलने पर उसकी लाश पड़ी थी। ये देख हड़कंप मच गया। वहीं मृतका के गले व शरीर पर कई तरह के निशान थे, जिस पर ससुराली अलग-अलग बात करने लगे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चौकी पर रखे शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेजा। इस बाबत थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति बनारसी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।