5 गांव बने स्मार्टपुर, इस तकनीकी से गांवों में शहरों को लाएंगे रेलराज्य मंत्री





गाजीपुर। विज्ञान ने दुनिया मे हैसियत का पैमाना बदल दिया है। तकनीक इस कदर आगे हो चुकी है कि अब लोगों को आपस में बात करने के लिए आमने सामने होने की जरूरत भी नहीं है। इंटरनेट के जुड़ाव से लोगों की हैसियत का अंदाजा लगाया जाने लगा है साथ ही इंटरनेट ने आज लोगों की दुनिया पूरी तरह से बदल कर रख दी है। उक्त बातें रविवार को केन्द्रीय रेल व संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने जनपद में 5 गांवों को आधुनिक बनाने के लिए शुरू की गई परियोजना के लोकार्पण के दौरान कहीं। इस दौरान उन्होंने जनपद में शिक्षा, स्वास्थ, संचार, रोजगार, मनोरंजन तथा वित्तीय सेवाओं सहित दैनिक जीवन के प्रत्येक आवश्यकताओं की समग्र सम्पूर्णता से सुसज्जित 5 स्मार्टपुर गांव सरैंया, करहिया, भीमापार, दुल्लहपुर व सराय मुबारक गांव के लिए शिलापट्ट खोला। सभी लोकार्पण उन्होंने जमानियां के स्मार्टपुर चुने गए सरैयां गांव से ही किया। कहा कि इंटरनेट के माध्यम से देश की सभी ढाई लाख ग्राम पंचायतों को हाई फाई नेटवर्क सेवा से जोडने का प्रयास हो रहा है। इस योजना के माध्यम से एक लाख से ज्यादा ग्राम पंचायतों को हाई स्पीड इंटरनेट से जोडा जा चुका है साथ ही शेष को मार्च 2019 तक जोड दिया जाएगा। कहा कि आज लोकार्पित किए गए इन स्मार्टपुर गांवों से देश के 300 से ज्यादा प्रतिष्ठित चिकित्सक जुड़े हुए हैं। आजीविका सहित मनोरंजन व ज्ञानवर्धन का प्रबंध नोकिया ने कर दिया है। कहा कि आज का युवा सिर्फ सपने नहीं देख रहा बल्कि उसके सपनो को पंख भी लगे हैं। उनके सपनों को पंख लगाने का काम बीते 4 वर्षों से देश के पीएम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश को पिछली सभी सरकारों ने उपेक्षित किया था लेकिन आज वो स्थिति दूर हो गई है। बताया कि नोकिया द्वारा की जा रही इस सुविधा से ग्रामीण महिलाएं भी डिजिटल सेवा से जुड़े सकेंगी। इस दौरान बताया कि पहले चरण में 10 गांवों को चयनित किया गया था। 5 गांवों में सेवा शुरू कर दी गई। शेष 5 गांवों में जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। डीईएफ की वरिष्ठ प्रोजेक्ट मैनेजर मेघना मैथ्यूज ने बताया कि डीईएफ देश में लगभग 15 वर्षों से डिजिटल के क्षेत्र मे काम कर रही है। साथ ही देश के आठ राज्यों के लगभग 100 स्मार्टपुर गांवों मे यह सुविधा दी जा रही है। बताया कि हमारा लक्ष्य है कि देश के लगभग 500 गावों में इस सुविधा का लाभ 2020 तक प्रदान कर दिया जाए। इसके शुभारंभ से ग्रामीणों का शहरों की तरफ पलायन रूकेगा। क्योंकि इसके जरिए सभी सुविधाएं गांवों में ही उपलब्ध होंगी। इस मौके पर विधायक डा. संगीता बलवंत, नोकिया के प्रबंधक अमित मारवा, जिलाधिकारी के. बालाजी, भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, कृष्णबिहारी राय, सुनील सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया, ओमप्रकाश राय, सुरेश बिंद, शशिकांत शर्मा, रासबिहारी राय, विनोद गुप्ता, गुड्डू प्रधान, अनिल पांडेय, संबंधित सभी गांवों के प्रधान, नोकिया के राहुल चौधरी, तान्या भट्ट आदि मौजूद थे। संचालन हरिनारायण हरीश ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< चर्चित एसआई के खिलाफ भाजपाजनों ने थाने में खोला मोर्चा, पहले भी लग चुका है दुर्व्यवहार का आरोप
‘माँ से बड़ा प्रेमी और पिता से बड़ा दानी इस संसार में कोई नहीं’ >>