चर्चित एसआई के खिलाफ भाजपाजनों ने थाने में खोला मोर्चा, पहले भी लग चुका है दुर्व्यवहार का आरोप





बहरियाबाद। स्थानीय थाना परिसर में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने हुरमुजपुर पुलिस चौकी इंचार्ज मंशा राम गुप्ता पर भाजपा नेताओं संग दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और उन पर कार्रवाई की मांग की। धरने को लेकर रात 10 बजे तक सैदपुर सीओ से हुई वार्ता का कोई निष्कर्ष नहीं निकला जिसके चलते धरना जारी रहा। नेताओं ने चौकी इंचार्ज पर आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार को हुरमुजपुर चौकी से संबंधित वृंदावन गांव के एक मामले को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्याम नारायण अपने कार्यकर्ता पंकज सिंह के साथ थाने पर पहुंचे। वहां संबंधित मामले को लेकर वार्ता करने की कोशिश की। बताया कि मामला सुनते ही एसआई व चौकी इंचार्ज मंशाराम गुप्ता आक्रोशित हो गए और बात तू तू-मैं मैं के साथ गाली गलौज पर आ गई। इसकी सूचना जैसे ही कार्यकर्ताओं को मिली तो वो भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय के नेतृत्व में थाने पर जुट गए और एसआई के खिलाफ कार्रवाई को लेकर धरना प्रदर्शन करने लगे। कहा कि चौकी इंचार्ज द्वारा ये पहला मामला नहीं है। इसके पूर्व में भी वो कई लोगों संग दुर्व्यवहार कर चुके हैं। बताया कि उन पर बीते 24 सितंबर को भी देवराज मौजा निवासी शिक्षक अरविंद संग दुर्व्यवहार का आरोप लग चुका है। जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने चौकी पर धरना प्रदर्शन भी किया था। बाद में सादात व बहरियाबाद एसओ के समझाने पर वो शांत हुए थे। इस दौरान रविवार को हुए धरने को लेकर 10 बजे तक सैदपुर क्षेत्राधिकारी डा. तेजवीर सिंह संग हुई वार्ता असफल हो गई। जिसके चलते धरना जारी रहा। उनकी मांग थी कि एसआई को लाइन हाजिर किया जाए तभी वो धरना खत्म करेंगे। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय सहाय, अशोक पाण्डेय, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री दानिश वरा, मंडल अध्यक्ष उमाशंकर पाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मसूद आलम उर्फ जुम्मन, भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री प्रियंवदा मिश्रा, हिन्दू युवा वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंह बबलू, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, कुंदन सिंह, रामाश्रय मिश्र, आलोक सिंह, श्याम सुन्दर यादव, शिवपूजन चौहान, मुनिराज चौहान, सुनील कुशवाहा, गोपाल सोनकर आदि मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< ‘निराकार परमात्मा की दया से जीव को मिलती है मनुष्य योनि’
5 गांव बने स्मार्टपुर, इस तकनीकी से गांवों में शहरों को लाएंगे रेलराज्य मंत्री >>