सैदपुर : भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री सहित सैकड़ों मुस्लिमों ने तिरंगा लहराकर भारतीय सेना का बढ़ाया हौसला, किया गुणगान


सैदपुर। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे अघोषित युद्ध के बीच नगर स्थित रौजाद्वार के मस्जिद में शुक्रवार की दोपहर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री सनाउल्लाह सिद्दिकी शन्ने के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय ने भारतीय सेना के लिए दुआ मांगी। शुक्रवार को जुमे की नमाज खत्म होने के बाद सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग तिरंगा लेकर पाकिस्तान मुर्दाबाद, भारतीय सेना जिंदाबाद, हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जुटे और युद्ध के दौरान भारतीय सेना की सलामती व जीत के लिए अल्लाह से दुआ मांगी। नमाजियों ने पाकिस्तान की हरकतों को शर्मनाक और कायराना बताते हुए पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। बता दें कि बीते 22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा पहलगाम में भारतीय नागरिकों का नरसंहार किया गया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना पर मुस्लिम समाज ने आक्रोश जताया। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री शनेउल्लाह सिद्दिकी ने कहा कि वे इस हमले की निंदा करते हैं। कहा कि वो भारतीय हैं और उनकी निष्ठा भारत देश और उसकी सुरक्षा में है। कहा कि हम सभी सरकार के हर कदम में साथ हैं। इस दौरान सभी नमाजियों ने एक साथ भारतीय सेना के शौर्य को सलाम किया। स्पष्ट रूप से कहा कि हर मुस्लिम देश की सेना के साथ खड़ा है। कहा कि पाकिस्तान में आतंकी पाले जाते हैं। उन्हीं आतंकियों ने पहलगाम में हमला किया। 15 दिन बाद भारतीय सेना ने शौर्य दिखाते हुए पाकिस्तान में घुसकर कुछ ही मिनटों में उसके आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए। उन्होंने कहा कि भारत के मुस्लिमों का पाकिस्तान से कोई लेना-देना नहीं है। कहा कि जरुरत पड़ने पर हम अपने शरीर के खून की एक-एक बूंद सेना व अपने देश को देने के लिए तैयार हैं। इस मौके पर इम्तियाज़, राजू, कल्लू, बन्ने सिद्दिकी आदि रहे।