गाजीपुर : ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना का आभार जताने को भाजपा ने निकाली भारत शौर्य तिरंगा यात्रा, दो राज्यसभा सांसदों ने लिया हिस्सा


गाजीपुर। अद्भुत साहस, शौर्य और पराक्रम से पाक परस्त आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ को सफल बनाने वाली देश की तीनों सैन्य शक्तियों (जल, थल, वायु सेना) के सम्मान में शनिवार को भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसका नेतृत्व राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने किया। नगर के लंका मैदान से निकलकर ये तिरंगा यात्रा सकलेनाबाद, विश्वेश्वरगंज, मिश्र बाजार, कोतवाली होते आमघाट गांधी पार्क में जाकर सभा में तब्दील हो गई। बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने आमघाट पार्क में कहा कि हमारी सैन्य शक्तियों ने पाकिस्तानी आंतकी ठिकानों पर सटीक प्रहार कर सैकड़ों आतंकवादियो को मार गिराया और पहलगाम की आतंकी घटना की शिकार बहनों के सिंदूर का बदला ले लिया। कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुश्मनों को छोड़ने वाला नहीं बल्कि दुश्मन देश के घरों में घुसकर मारने और सुरक्षित सकुशल लौटने वाला भारत बन गया है। दर्शना सिंह ने कहा कि भारतीय सैनिकों का गौरवशाली इतिहास रहा है और उनके सम्मान में आज पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर की सारगर्भित उपलब्धि राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा तिरंगा यात्रा मे शामिल सभी माताओं, बहनों एवं नागरिकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि देश के गौरव भारतीय सेना के सम्मान में यह कार्यक्रम प्रत्येक विधानसभा में भी आयोजित किया जाएगा। यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों मे राष्ट्रीय भावना का असीम उत्साह तथा देश के सैनिकों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव देखने को मिल रहा था। हर हाथ मे तिरंगा लिए पुरुषों के साथ भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। वो रास्ते भर भारत माता की जय और भारतीय सैनिकों के सम्मान मे गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रही थीं। इसके बाद सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके व शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ संगीता बलवंत, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिपं अध्यक्ष सपना सिंह, सुनील सिंह, भानुप्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, विजय शंकर राय, सरोज कुशवाहा, प्रो शोभनाथ यादव, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, सुशीला सोनकर, अभिनव सिन्हा, पारसनाथ राय, सुनीता सिंह, कालीचरण राजभर, रामराज बनवासी, दयाशंकर पांडेय, बृजनन्दन सिंह, अवधेश राजभर आदि रहे। संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया।