गाजीपुर : हर घर तिरंगा अभियान की सफलता के लिए जिले भर में हुई भाजपा की कार्यशाला, 11 से 14 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम



गाजीपुर। हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम को लेकर भाजपा के 29 मंडलों में विभिन्न स्थानों पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान नंदगंज व सदर पश्चिमी मंडल में जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देश की एकता और अखंडता को चुनौती देने वाली ताकतों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कड़ा जवाब देते हुए उनके मंसूबों को ध्वस्त कर दिया है। कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हर घर तिरंगा अभियान कार्यक्रम से देश प्रेम की अनुपम अविरलता प्रदर्शित हुई है। बताया कि 11, 12 व 13 अगस्त को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, महापुरुषों, शहीदों की प्रतिमाओं तथा परिसर की साफ सफाई की जाएगी। वहीं 12, 13 व 14 अगस्त को प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। 14 अगस्त को आजादी के बदले विभीषिका विषय पर गोष्ठी एवं मौन जुलूस निकाला जाएगा। वहीं 11, 12 व 13 अगस्त को सभी विधानसभाओं में बाइक जुलूस निकालकर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। बताया कि सदर विधानसभा की तिरंगा यात्रा 13 अगस्त की सुबह 10 बजे सैनिक चौराहे से पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए आमघाट गांधी पार्क में समाप्त होगी। इस मौके पर जिला मंत्री सुरेश बिन्द, अच्छेलाल गुप्ता, शशिकान्त शर्मा, मनोज बिंद, अनिल जायसवाल, पंकज विश्वकर्मा, उदय प्रताप सिंह, मनोज कुशवाहा, हजारी प्रसाद वर्मा, जितेन्द्र पाण्डेय, अनुराग प्रजापति, अरविन्द सिंह, संजय बिंद, मंगल कुशवाहा, विनय प्रकाश, प्रदीप भारती, सुनील चौहान आदि रहे। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गोपाल राय तथा संचालन काशी चौहान ने किया।