सैदपुर : कोयले की खदान से गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी ने फिर निकाला हीरा, हर्ष सिंह का सेना में चयन होने के बाद गैबीपुर में किया गया सम्मानित



सैदपुर। क्षेत्र के गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के और एक खिलाड़ी का चयन सेना में हो गया है। इस उपलब्धि के बाद पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। बता दें कि करीब 50 से ज्यादा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने की बात हो या दर्जनों खिलाड़ियों के नौकरी की बात हो, गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी का नाम हमेशा सुर्खियों में रहता है। इस उपलब्धि के बाद एक बार फिर से एकेडमी का नाम चमक उठा है। इस अकादमी से ताइक्वांडो खेल का कहकरा सीखकर देश और विदेश में गाजीपुर का मान बढ़ाने वाले अंतरराष्ट्रीय ताईक्वांडो खिलाड़ी हर्ष सिंह की बहुमुखी प्रतिभा को देखते हुए बेंगलुरु (कर्नाटक) स्थित एएससी आर्मी सेंटर के अधिकारियों ने हर्ष सिंह का चयन सेना में कर लिया है। हर्ष को जैसे ही सेना में ज्वाइन करने की सूचना कॉल लेटर द्वारा प्राप्त हुई तो उसने इसकी सूचना सबसे पहले अपनी मां कांति सिंह व अपने अमित कुमार सिंह को देकर आशीर्वाद लिया। अपने शिष्य की भर्ती सेना में होने की सूचना के बाद गद्गद् ताईक्वांडो कोच अमित कुमार सिंह ने बताया कि यह मेरे लिए बहुत ही गर्व का विषय है। कहा कि हर्ष मेरे संरक्षण में वर्ष 2016 से ताईक्वांडो का प्रशिक्षण ले रहा था। बेहद मुफलिसी में जीवन होने के बावजूद हर्ष के इरादे चट्टान से मजबूत थे। जिसके चलते अर्थाभाव के बावजूद मैंने उसके प्रशिक्षण देना जारी रखा और कई असफलताओं के बावजूद हर्ष का हौसला बना रहा। आखिरकार वर्ष 2022 में वो दिन आ गया, जिसका हर खिलाड़ी को इंतजार रहता है। 2022 में हर्ष सिंह का चयन जूनियर विश्व चैम्पियनशिप बुल्गारिया (यूरोप) में खेलने जा रही भारतीय टीम में हुआ। इसके बाद इसी वर्ष वियतनाम में आयोजित एशियन चैम्पियनशिप में भी भारतीय टीम का नेतृत्व किया। वर्ल्ड ताईक्वांडो के तत्वावधान में नेपाल के पोखरा में आयोजित ग्रेड 2 लेवल के अंतरराष्ट्रीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता के फाइनल में श्रीलंका को हराकर उसने स्वर्ण पदक जीता और सैदपुर व अकादमी का मान सिर्फ देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व स्तर पर ऊंचा किया। इन्हीं उपलब्धियों को देखते हुए सेना के अधिकारियों ने अब हर्ष सिंह का चयन सेना में कर लिया है। हर्ष की माँ कांति सिंह ने इस सफलता का पूरा श्रेय हर्ष के कोच अमित कुमार सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि चाहे बात खेल के उपकरणों की हो या प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए लगने वाले खर्च की हो, हमारे पास अर्थाभाव होने के अमित सिंह ने हमेशा उसका साथ दिया और परिवार व एक अभिभावक की तरह उसके साथ खड़े रहे। जिसका नतीजा आज हर्ष का ये चयन है। अगर बात सिर्फ हमारी होती तो आज हर्ष जैसा प्रतिभावान खेलों में नहीं जा पाता लेकिन अमित सिंह ने उसकी प्रतिभा को पहचान कर अपने खर्च पर उसका साथ दिया। हर्ष सिंह ने भी अपनी सेना भर्ती का पूरा श्रेय माता और गुरु अमित कुमार सिंह को दिया। उसने बताया कि कड़ी मेहनत, अनुशासन भरे माहौल व खेल के माध्यम से जीवन संवारने के जज़्बा मुझे गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी से मिला। यहां जैसी खेल तकनीक, मोटिवेशन और सकारात्मक माहौल मुझे और कहीं नहीं मिला। वहीं इस उपलब्धि के बाद शुक्रवार की शाम 4 बजे गौतम सेवा फाउंडेशन ने अकादमी के ताईक्वांडो हॉल में सभा का आयोजन किया। जहां हर्ष सिंह व उनकी माता कांति सिंह को सम्मानित किया गया। इस मौके पर गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के चेयरमैन रामविलास सिंह, व्यवस्थापिका प्रिया सिंह, विन्देश्वरी सिंह, शिवम दुबे, जयशंकर यादव, अभय सिंह, बृजबाला सोनी, सीआरपीएफ जवान विवेक त्रिपाठी, नवीन चौहान, सेना के जवान पंकज यादव, बॉक्सिंग कोच जयहिंद यादव, ताईक्वांडो कोच बिपूज कुशवहा, विशाल कुमार, श्वेता गोंड, सरिता यादव, अल्का मौर्या, खुशी मोदनवाल, मोनी पाल आदि रहे।

