टेढ़े मेढ़े पंजे वाले बच्चों के लिए वरदान बना अनुष्का फाउंडेशन, जिला अस्पताल में 8 पीड़ित बच्चों का हुआ निःशुल्क उपचार



ग़ाज़ीपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एवं अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से जिला अस्पताल में अब तक 75 बच्चो का निःशुल्क इलाज किया जा चुका है। ये बच्चे क्लबफुट यानी टेढ़े पंजे की समस्या से पीड़ित थे। जिला अस्पताल के हड्डी विभाग में कार्यरत डॉ. सतीश सिंह तथा डॉ. केके यादव द्वारा 8 बच्चों का बुधवार को पोनसेटी मेथड से प्लास्टर लगाया गया। डॉ सतीश ने बताया कि इन बच्चों के पैर सीधे हो जाने के बाद उन बच्चों का छोटा आपरेशन किया जाएगा। जिसके बाद ये बच्चे ब्रेस या विशेष प्रकार के जूते पहन पाएंगे। डॉ केके यादव ने बताया कि क्लब फुट एक जन्मजात विकृति है। जिसमें जन्म से ही बच्चो के पैर का पंजा मुड़ा हुआ होता है। उन बच्चों के पैरों के उपचार के लिये पोंसेटी तकनीकी के सहयोग से क्लब फुट का उपचार संभव है। अनुष्का फाउंडेशन के ब्रांच मैनेजर ने बताया कि बच्चे के पैर को धीरे-धीरे बेहतर स्थिति में लाकर फिर इस पर एक प्लास्टर चढ़ा दिया जाता है, जिसे कास्ट कहा जाता है। 5 से 8 सप्ताह तक इसे दोहराया जाता है। आखिरी कास्ट पूरा होने के बाद अधिकांश बच्चों के टेंडेंट को ढीला करने के लिए एक मामूली ऑपरेशन की आवश्यकता होती है। यह बच्चे के पैर को और अधिक प्राकृतिक स्थिति में लाने में मदद करता है। जिससे पैर अपनी मूल स्थिति पर वापस न आ जाए। फिर बच्चा 4 सालो तक ब्रेस या विशेष प्रकार के जूते पहनता है, जिसे अनुष्का फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क दिया जाता है। अनुष्का फाउंडेशन के प्रोग्राम एक्जिक्यूटिव आनंद कुमार ने बताया कि 0 से 2 साल तक के बच्चे इस निःशुल्क इलाज का लाभ ले सकते हैं। बताया कि हमारी संस्था द्वारा बच्चों के प्लास्टर में लगने वाला जिप्सोना तथा और ब्रेस निःशुल्क प्रदान किया जाता है। कभी-कभी इस प्रक्रिया के काम नहीं करने का मुख्य कारण यह होता है कि ब्रेसेज़ लगातार उपयोग नहीं किये जाते हैं। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि बच्चा कम से कम तीन माह तक विशेष जूते रात में जरूर पहने।