जिपं सदस्य के उपचुनाव में भाजपा के शैलेश राम ने सपा प्रत्याशी को हराया, विधायक अंकित भारती के गढ़ में दी मात



गाज़ीपुर। जिला पंचायत सदस्य करंडा द्वितीय (आंशिक करंडा एवं आंशिक देवकली) के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार शैलेश कुमार राम ने अपने निकटतम सपा के प्रतिद्वंद्वी अरुण कुमार को 2598 मतों से पराजित कर दिया। शैलेश कुमार राम 7250 मत पाकर जहाँ विजयी रहे, वहीं सपा प्रत्याशी को कुल 4652 मत मिले। बसपा समर्थित प्रत्याशी रविकुमार को 1262 व निर्दल प्रत्याशी सन्तोष कुमार को 109 मत मिले। कुल पडे़ 13 हजार 547 मतों मे 274 मत अवैध व 13 हजार 273 मत वैध रहे। सुबह आठ बजे से करंडा ब्लॉक की मतगणना राममूरत महिला महाविद्यालय बड़सरा में शुरू हुई। जहाँ चार राउंड की मतगणना के लिये 14 टेबल बनाये गये थे। जबकि देवकली ब्लाक की मतगणना तीन राउंड में हुई। सैदपुर विधायक अंकित भारती के विधायक बनने से रिक्त हुई सीट को भाजपा ने अपने पाले मे कर लिया है। जिला पंचायत सदस्य शैलेश कुमार राम चुनाव जीतने के बाद भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद जिलाधिकारी आवास पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शैलेश कुमार राम को जीत का प्रमाण पत्र दिया।