खानपुर : प्रधानपति समेत 7 के खिलाफ महिलाओं संग मारपीट व छेड़खानी का मुकदमा दर्ज, मचा हड़कंप, प्रधानपति ने सीसीटीवी फुटेज का किया दावा



खानपुर। थानाक्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासिनी महिला ने जमीनी विवाद के चलते थाने में तहरीर देकर 6 पड़ोसियों सहित प्रधानपति के खिलाफ मारपीट व गाली गलौज करने का मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर के मुताबिक, महिला ने छेड़खानी की भी तहरीर दी है। फत्तेपुर गांव निवासिनी चंदा देवी पत्नी हरिश्चंद्र राजभर ने तहरीर देते हुए कहा कि उसका पड़ोसी दशरथ यादव से जमीन का विवाद चलता है। आरोप लगाया कि जमीनी विवाद में दशरथ, जयप्रकाश, संदीप, प्रदीप, सुनील, संजय व प्रकाश सुबह में आए और घर के बाहर गालियां देने लगे। इसके बाद रॉड आदि से मारपीट कर सभी को घायल कर दिया। बताया कि घटना में बचाने के लिए आई बहू सुनीता, नीतू, सोनी देवी, सुशीला देवी को भी चोटें आईं। साथ ही चंदा ने अपने साथ छेड़खानी करने का भी आरोप लगाया। इस मामले में उसने प्रधानपति समेत 7 के खिलाफ नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं इस मामले में प्रधानपति ने कहा कि मुझ पर लगाया आरोप पूरी तरह से फर्जी है। नवीन परती को लेकर दोनों पक्षों में आपस का विवाद है, जिसकी पूर्व में पंचायत भी हो चुकी है। आज उसी मामले को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़े हैं लेकिन अपना पक्ष मजबूत करने के लिए महिला छेड़खानी जैसा आरोप लगा रही है। कहा कि महिला जिस वक्त छेड़खानी करने का आरोप लगा रही है, उस वक्त मैं अपने घर पर मौजूद था और इसका सीसीटीवी फुटेज भी मेरे पास मौजूद है।