अज्ञात ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, मचा कोहराम



जखनियां। भुड़कुड़ा थानाक्षेत्र के मुड़ियारी में बीती देररात युवक को ट्रैक्टर ने रौंद दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं मुडियारी निवासी जोगिंदर राजभर 21 पुत्र होरी राजभर अपने साथी सूर्य नारायण के साथ जखनियां गया था और देररात वापिस आ रहा था। इस बीच सुनसान स्थान पर रेलवे के अंडरपास के नजदीक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया। जिसमें जहां जोगिंदर की मौत हो गई, वहीं सूर्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार भी हो गया। उधर से गुजर रहे लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां जोगिंदर को मृत घोषित कर दिया गया, वहीं सूर्य को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दो भाइयों में छोटा था। इसकी 5 बहनें भी हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता घर पर खेती का काम करते हैं। बड़ा भाई मुंबई में काम करता है। बीती रात वो मुंबई जा रहा था और अभी वाराणसी पहुंचा था कि रास्ते में छोटे भाई के मौत की खबर मिली। जिसके बाद वो रोते बिलखते घर आ गया। वहीं मां तारा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। जोगेंद्र काफी व्यवहार कुशल व्यक्ति था। एसआई रामाश्रय यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर की तलाश जारी है, अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया।