बड़ी खबर : मोदी लहर में भी सपा के खाते में सबसे बड़ी जीत डालने वाले सपा विधायक आज पहनेंगे भाजपाई चोला, सपा को समाजवादियों के गढ़ में होगा बड़ा नुकसान


सैदपुर। 3 दिनों पूर्व भाजपा के बागी विधायक राकेश राठौर के सपा जॉइन करने की भरपाई के रूप में भाजपा ने सपा का पूर्वांचल का बेहद मजबूत नेता तोड़कर अपनी भरपाई कर ली है। या यूं कहें कि सपा को बड़ी चोट दी है। लगातार दो बार से सपा से विधायक चुने जा रहे सैदपुर के विधायक सुभाष पासी आज लखनऊ में भगवा चोला पहन लेंगे। शताब्दी न्यूज़ से हुई एक्सक्लुसिव बातचीत में खुद विधायक ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि मीडिया में चल रही खबरें पूर्ण रूप से सत्य हैं। बता दें कि सुभाष पासी के इस कदम के बाद गाज़ीपुर में सपा को बहुत बड़ा नुकसान होने वाला है। क्योंकि इन्होंने भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर को हराया था। सुभाष पासी का विधायक बनना पूरे प्रदेश में सपा की सबसे बड़ी थी जीत व भाजपा की सबसे बड़ी हार थी। क्योंकि 2017 के विस चुनाव में सबसे कद्दावर पार्टी भाजपा के प्रदेश महामंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को सपा से हार मिली थी। उस चुनाव में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत सैदपुर में झोंक दी थी। लेकिन सुभाष पासी ने अपनी मजबूती मोदी लहर के उस दौर में भी साबित की थी, जब अच्छे-अच्छे दिग्गजों ने अपनी सीट गंवा दी थी। उस जीत के बाद सपा नेतृत्व भी विधायक से बेहद खुश था। बहरहाल, अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाने वाले सुभाष पासी भाजपा में आकर क्या कमाल दिखाएंगे, ये वक़्त ही बताएगा। उनका भाजपा में आना 2019 लोकसभा चुनाव से ही तय माना जा रहा था, क्योंकि उनका रुझान भाजपा की तरफ काफी ज्यादा होने लगा था। उन्होंने भाजपा के खिलाफ बड़ी बयानबाजियां भी बन्द कर दी थी।