गंगा के जलस्तर में फिर से हो रही बढ़ोत्तरी, तटवर्ती लोगों में खौफ


खानपुर। बीते तीन दिनों से गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी से तटवर्ती गांवों में हड़कंप मच गया है। पटना के नागेंद्र मांझी और प्रद्युम्न निषाद ने बताया कि तीन दिनों पूर्व गंगा 48 घंटों में करीब दो फीट बढ़ गई थी। रात में किनारों पर बंधे नौका और धोबी पाट सुबह तक डूब जा रहे थे। छठ पूजा के लिए घाटों की सफाई कर रहे श्रद्धालुओं की मेहनत व्यर्थ हो रही है। चक्रवाती तूफान की वजह से हाल के दिनों में हुए बरसात और बाढ़ से उबर कर लोग नदियों किनारे सब्जियों के साथ अन्य खेती कार्य मछली उद्योग शुरु कर दिए थे। गंगा की सहायक नदी गोमती के जलस्तर में कोई खास परिवर्तन देखने को नही मिल रहा है। पटना, सादीभादी, औड़िहार, गोपालपुर, कुसहीं, खरौना आदि गांवों में लोग छठ पूजन के लिए घाटों की तैयारी में लग गए थे। जानकारों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बरसात से गंगा के जलस्तर में वृद्धि हुई है।