‘जो दल कायस्थों का सम्मान करेगा, कायस्थ उसके साथ रहेगा’, रविशंकर प्रसाद को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह देने की हुई मांग





सैदपुर। क्षेत्र के बासूपुर स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल परिसर में रविवार की रात अखिल भारतीय कायस्थ महासभा का वृहद कार्यक्रम किया गया। इसके पूर्व महासभा के वननियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मुकेश श्रीवास्तव एवं राजनैतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ इन्द्रसेन श्रीवास्तव का प्रथम जनपद आगमन पर जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मुकेश श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित किया। कहा कि भाजपा सरकारों द्वारा कायस्थ समाज को सरकार और संगठन में उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। उन्होंने सरकार को कोसते हुए कहा कि भाजपा ने कायस्थ समाज के साथ धोखा किया है। शत प्रतिशत भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाले कायस्थ समाज को सरकार और संगठन में प्रतिनिधित्व न देकर भाजपा ने कायस्थ समाज को छलने का काम किया है। कहा कि कि भाजपा को ग़लतफहमी हो गयी है कि कायस्थ समाज भाजपा का बन्धुआ मजदूर है। कहा कि हम किसी राजनीतिक दल के बन्धुआ मजदूर नहीं हैं। जो राजनीतिक दल कायस्थ समाज का सम्मान करेगा, कायस्थ समाज खुलकर उसका समर्थन करेगा। उन्होंने समाज के लोगों से एक दूसरे की मदद में आगे आने की अपील की। समाज के लोगों से राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि आप अपने बच्चों को राजनीति और व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़ाएं। अब लकीर का फकीर होने की जरूरत नहीं है। नई राजनैतिक एवं सामाजिक चेतना के साथ मुखर होकर अपने हक हुकूक के लिए संघर्ष छेड़ने की जरूरत है। विशिष्ट अतिथि डॉ इन्द्रसेन श्रीवास्तव ने कहा कि इतिहास गवाह है कि कायस्थ समाज जिसके साथ रहा है, देश में उसकी सरकार बनी है। कहा कि आपातकाल के पूर्व तक कायस्थ समाज कांग्रेस के साथ रही और तब तक कांग्रेस ने देश में शासन किया। उसके बाद जब कायस्थ समाज ने कांग्रेस का साथ छोड़ा और आज तक कांग्रेस अपने पैरों पर ठीक से खड़ी नहीं हो पायी। कहा कि जिस दिन कायस्थ समाज भाजपा का साथ छोड़ देगी, भाजपा की भी वही दुर्दशा होगी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ने समय रहते कायस्थ समाज का सम्मान नहीं किया तो 2022 के विधान सभा चुनाव में खामियाजा भुगतने के लिए तैयार रहें। इसके पश्चात कायस्थ समाज के प्रति राजनैतिक दलों के उपेक्षात्मक रवैये के विरोध में 2 अक्टूबर को आयोजित कायस्थ सम्मान यात्रा को सफल बनाने पर चर्चा की गई। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को तत्काल केन्द्रीय मंत्रिमंडल में वापस लेने की मांग के साथ ही योगी मंत्रिमंडल में कायस्थ समाज के दो और मंत्री बनाने की मांग की गई। इसके पश्चात जिलाध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव व जिला उपाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव ने स्मृति चिह्न देकर मुख्य अतिथि डॉ मुकेश श्रीवास्तव व विशिष्ट अतिथि डॉ इन्द्रसेन श्रीवास्तव को सम्मानित किया। इस मौके पर रविंद्र श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, कृष्णा श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, मीरा श्रीवास्तव, प्रधान रवि श्रीवास्तव, नरेंद्र श्रीवास्तव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव आदि रहे। संचालन जिला उपाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< 13 व 14 अगस्त को होगा भाजपा का दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, क्षेत्रीय महामंत्री ने किया दौरा
अपने अंतिम चरण में पहुंचा सैदपुर का ऑक्सीजन प्लांट, जल्द ही हो सकता है शुरू >>