बलिया : कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें, मांझी और तुर्तीपार में कई ट्रेनों का ठहराव, छपरा-बलिया-मऊ के बीच होगा संचालन

बलिया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के संचालन और कई नियमित ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इसके तहत छपरा-बलिया और बलिया-मऊ के बीच विशेष गाड़ियां चलाई जाएंगी। साथ ही तुर्तीपार और मांझी स्टेशनों पर विभिन्न ट्रेनों का दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। रेलवे के अनुसार 05133 छपरा-बलिया विशेष ट्रेन 23 नवंबर को रात 10ः15 बजे छपरा से रवाना होकर गौतमस्थान, रिविलगंज घाट, न्यू मांझी, मांझी, बकुल्हा, सुरेमनपुर, दल छपरा, रेवती, सहतवार, छाता आसचौरा और बांसडीह रोड होते हुए रात 12ः30 बजे बलिया पहुंचेगी। वापसी में 05134 बलिया-छपरा विशेष ट्रेन 24 नवंबर को सुबह 11 बजे बलिया से चलकर दोपहर एक बजे छपरा पहुंचेगी। इसी क्रम में 07535 बलिया-मऊ विशेष ट्रेन 24 नवंबर को सुबह 11 बजे बलिया से रवाना होकर सागरपाली, फेफना, जिगनी खास, चिलकहर, संवारा, रसड़ा, रजमलपुर रोड, रतनपुरा और हलधरपुर होते हुए दोपहर एक बजे मऊ पहुंचेगी। वापसी में 07536 मऊ-बलिया विशेष ट्रेन 23 नवंबर को रात 10 बजे मऊ से रवाना होकर अगले दिन रात 12ः15 बजे बलिया पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी, वाराणसी सिटी-नेपालगंज रोड, बनारस-गोरखपुर, लखनऊ-वाराणसी सिटी और गोरखपुर कैंट-वाराणसी सिटी सहित कई ट्रेनों को तुर्तीपार स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया है। वहीं, वाराणसी सिटी-छपरा, सियालदह-बलिया, छपरा-वाराणसी सिटी, बलिया-सियालदह, गोमतीनगर-छपरा और फर्रूखाबाद-छपरा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का मांझी स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है। इससे कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

