जखनियां : कैसे स्कूल तक पहुंचें नौनिहाल, जब स्कूल तक जाने वाला रास्ता ही हो बेहाल, प्राथमिक स्कूल तक जर्जर खड़ंजा मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग तेज

जखनियां। स्थानीय रेलवे लाइन के पूर्वी छोर पर स्थित प्राथमिक पाठशाला को जाने वाला खड़ंजा मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। मार्ग पर जगह-जगह ईंटें उखड़ जाने और सड़क का कुछ हिस्सा अधूरा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। यह मार्ग प्राथमिक विद्यालय के साथ तहसील मुख्यालय और पशु चिकित्सालय को भी जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के अलावा स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण पैदल चलने वाले विद्यार्थियों और राहगीरों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सर्वदलीय तहसील विकास एवं जन कल्याण संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने पूर्व में बीडीओ को पत्र देकर मार्ग का पुनर्निर्माण कराने की मांग की थी। बताया गया कि उस समय जल्द निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई। बताया कि रेलवे परिसर की ओर रेलवे विभाग द्वारा सीसी रोड का निर्माण कराया गया है, लेकिन उससे जुड़ा प्राथमिक पाठशाला तक जाने वाला खड़ंजा मार्ग पूरी तरह टूट चुका है। पूर्वी दिशा में सड़क का कुछ हिस्सा निर्माण से वंचित है। लोगों ने संबंधित विभाग से मार्ग का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

