गाजीपुर : रेलवे में यात्रियों के छूटे सामान लौटाने में आरपीएफ की पहल, गाजीपुर सिटी और औड़िहार में भी मिली सफलता, सत्यापन के बाद लौटाए

गाजीपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के छूटे सामान को सुरक्षित बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की पहल जारी रखी है। 19 से 22 नवंबर के बीच विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में चलाए गए अभियान के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के छूटे बैग, कंबल, मोबाइल, ईयरपॉड्स, पर्स और अन्य सामान बरामद कर सत्यापन के बाद उन्हें लौटाए गए। इस अभियान में गाजीपुर सिटी और औड़िहार आरपीएफ पोस्ट की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। 21 नवंबर को गाजीपुर सिटी आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 22434 के बी-2 कोच से यात्री का छूटा कंबल बरामद किया। इसी दिन ट्रेन संख्या 04072 के एस-7 कोच से एक बैग मिला, जिसे पोस्ट पर सुरक्षित जमा कराया गया। दोनों मामलों में संबंधित यात्रियों के पहुंचने और सामान का सत्यापन करने के बाद उन्हें वापस कर दिया गया। वहीं, औड़िहार आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 11071 के बी-6 कोच से महिला यात्री का छूटा बैग बरामद कर सत्यापन के बाद उन्हें सौंप दिया। अभियान के दौरान कप्तानगंज, सीतापुर, प्रयागराज रामबाग, लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर, देवरिया सदर, वाराणसी सिटी, गोंडा, गोमतीनगर, आनंदनगर, मऊ, थावे, सीवान, काठगोदाम, छपरा और भटनी सहित कई स्टेशनों पर यात्रियों के सामान सुरक्षित बरामद किए गए। इसके अलावा 22 नवंबर को बस्ती के पिपरा बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर से ई-टिकटों के अवैध कारोबार में संलिप्त एक व्यक्ति को पकड़ा गया। आरपीएफ मुख्यालय, साइबर सेल और खलीलाबाद रेलवे सुरक्षा चौकी की संयुक्त टीम ने उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। बचपन बचाओ अभियान के तहत भी आरपीएफ ने कार्रवाई की। 20 नवंबर को वाराणसी सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर घर से भागा 14 वर्षीय किशोर मिला, जिसे परिजनों की उपस्थिति में चाइल्ड लाइन वाराणसी को सौंपा गया। वहीं, 21 नवंबर को बुढ़वल में ट्रेन संख्या 15135 से घर छोड़कर जा रहे 15 वर्षीय दो किशोरों को उतारकर चाइल्ड लाइन बाराबंकी के सुपुर्द किया गया। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा, रेल संपत्ति की रक्षा और जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए आरपीएफ लगातार अभियान चला रही है।

