गाजीपुर : महिला मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज कराने के लिए घर-घर संपर्क करेंगी भाजपा कार्यकर्ता - सरोज कुशवाहा





गाजीपुर। भाजपा के मतदाता जोड़ो अभियान के तहत गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने जिला कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में महिला मोर्चा की जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जहां मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। सरोज कुशवाहा ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिला संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं के बीच व्यापक जनसंपर्क स्थापित कर अधिकाधिक पात्र महिला मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की घटती संख्या चिंताजनक विषय है। यह केवल आंकड़ों का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी और उनके मताधिकार से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र महिला मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। इसके लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ घर-घर संपर्क करें। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न महिला समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने को कहा। जिन पात्र महिलाओं के नाम सूची में दर्ज नहीं हैं, उनके नाम नियमानुसार जुड़वाने में सहयोग करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की वास्तविक पहचान यही है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और वह अपने मताधिकार का निर्भीकतापूर्वक प्रयोग कर सके। महिला मोर्चा इसी उद्देश्य से पूरे उत्तर प्रदेश में महिलाओं के नेतृत्व में जनजागरण एवं मतदाता जोड़ो अभियान चला रहा है। इस मौके पर पूर्व विधायक सुनीता सिंह, डॉ. गीता कुमारी, शीला सोनकर, साधना राय, रंजू विश्वकर्मा, गोदावरी राजभर, माया सिंह, सरिता कुशवाहा, सरोज भारती, रंभा राय, सुनीता सिंह, नीलम सिंह, सुनीता जायसवाल, सीमा शर्मा, अलीमा जैदी, गुड्डी पांडेय आदि रही। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष माया सिंह व संचालन पूनम मौर्या ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : कैसे स्कूल तक पहुंचें नौनिहाल, जब स्कूल तक जाने वाला रास्ता ही हो बेहाल, प्राथमिक स्कूल तक जर्जर खड़ंजा मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग तेज
भांवरकोल : यात्रियों से भरी चलती पिकअप में अचानक तबीयत बिगड़ने से पिकअप चालक की मौत, परिजनों का बुरा हाल >>