भदौरा : भदौरा-करहिया के बीच चलती ट्रेन से अलग होकर आगे बढ़ गया इंजन, वापस लाकर जोड़ने तक 40 मिनट तक खड़ी रही एक्सप्रेस ट्रेन





भदौरा। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर गुरुवार को एक असामान्य रेल घटनाक्रम सामने आया। भदौरा और करहिया रेलवे स्टेशन के बीच देवकली गांव के समीप ट्रेन संख्या 03294 डाउन पटना-आनंद विहार एक्सप्रेस का इंजन पीछे लगी बोगियों से अलग होकर आगे निकल गया। घटना के बाद ट्रेन करीब 40 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। बता दें कि ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान भदौरा और करहिया रेलवे स्टेशन के बीच देवकली गांव के पास इंजन पीछे लगी बोगियों से अचानक ही अलग हो गया। कुछ दूरी आगे पहुंचने के बाद चालक को इस स्थिति की जानकारी हुई। इसके बाद चालक इंजन को वापस लेकर आया और पुनः बोगियों से जोड़ा गया। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 40 मिनट का समय लग गया। इस दौरान ट्रेन रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। अचानक ट्रेन रुकने और काफी देर तक आगे नहीं बढ़ने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंजन के बोगियों से अलग होने की जानकारी मिलने पर यात्रियों के बीच चर्चा होने लगी। करीब 40 मिनट बाद इंजन को बोगियों से जोड़कर ट्रेन को पुनः रवाना किया गया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। वहीं चलती ट्रेन का इंजन बोगियों से अलग होने की घटना ने रेल परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि और तकनीकी जांच का इंतजार है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : सिखड़ी बाजार के पास अचानक हुआ कुछ ऐसा कि नाले में बहने वाली थी देशी शराब
मुहम्मदाबाद : गंगा में बहता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस शिनाख्त में जुटी >>