अनौनी : रामकरन इंटर कॉलेज के अखाड़ा पहुंचे भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष, पहलवानों ने किया स्वागत

अनौनी। बलिया जाते समय भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू गुरुवार को सिधौना स्थित रामकरन इंटर कॉलेज अखाड़े पहुंचे। उनके आगमन पर अखाड़े के खिलाड़ियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान पहलवानों और कुश्ती प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अखाड़े में पहुंचने पर संजय सिंह ने कुश्ती की गतिविधियों और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने पहलवानों से संवाद करते हुए उनके अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। साथ ही कुश्ती कोच रामाशीष यादव को खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और कुश्ती के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए बधाई दी। इस मौके पर वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोरख यादव, कुश्ती कोच अरविंद यादव, रामाश्रय यादव आदि रहे।

