सिधौना : कतार विधि से गेहूं की खेती से बढ़ सकती है उत्पादन क्षमता, बीज की भी होगी बचत, किसानों को दी गई जानकारी



बिंदेश्वरी सिंह



सिधौना। गेहूं की खेती में छिटकवा विधि के बजाय लाइन यानी कतार में बुआई करने से किसानों को बेहतर उत्पादन और बीज की बचत का लाभ मिल सकता है। कृषि विभाग के अनुसार, उचित तकनीक अपनाकर गेहूं की उत्पादन क्षमता में 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि की संभावना रहती है। बीज शोधन के बाद लाइन में बुआई करने से फसल की बढ़वार और प्रबंधन में भी सुविधा होती है। ऐसे में क्षेत्र के गौरहट, अमेहता, सिधौना आदि गांवों में धान की कटाई के बाद खाली खेतों में किसान जीरो टिलेज मशीन से गेहूं की बुआई शुरू भी कर चुके हैं। तकनीकी सहायक कृषि अधिकारी ज्ञानेंद्र चौबे ने बताया कि किसानों को हाथ से बीज छिटकने के बजाय मशीन से लाइन में बुआई करनी चाहिए। बताया कि छिटकवा विधि में काफी बीज मिट्टी की ऊपरी सतह पर रह जाता है। इससे बीज का सही उपयोग नहीं हो पाता और तेज हवा चलने पर फसल गिरने का खतरा भी बढ़ सकता है। मशीन से बुआई करने पर एक एकड़ में करीब 40 किलो बीज की जरूरत होती है, जबकि छिटकवा विधि में लगभग 60 किलो तक बीज लग जाता है। बताया कि किसान कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक से जीरो टिल, सीड ड्रिल, हैप्पी सीडर, मल्टी क्रॉप प्लांटर और सुपर सीडर जैसी मशीनों का उपयोग कर सकते हैं। इन मशीनों से धान की कटाई के बाद निर्धारित समय पर गेहूं की बुआई की जा सकती है। मशीन से बुआई करने पर सिंचाई, खाद के छिड़काव और कटाई में भी सुविधा होती है। धान के अवशेषों को जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उचित सिंचाई और प्रबंधन से अवशेष धीरे-धीरे मिट्टी में मिलकर जैविक पदार्थ के रूप में उपयोगी हो सकते हैं। बताया कि मशीन खेत में हल्की जुताई करते हुए बीज और खाद को एक साथ डालती है। इससे फसल जल्दी उगने और अधिक कल्ले निकलने में मदद मिलती है। खेत की बार-बार जुताई की जरूरत कम होने से लागत में भी बचत हो सकती है। साथ ही खेत में नमी बनी रहती है और मिट्टी की गुणवत्ता को संरक्षित रखने में सहायता मिलती है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : संविधान दिवस पर कांग्रेस ने की बैठक, कार्यकर्ताओं को अधिकारों और कर्तव्यों की दी जानकारी
सिधौना : वाराणसी के अधिवक्ता के परिचित की कार पर गाजीपुर में हुई कथित रूप से फायरिंग, साथी हुआ घायल >>