सिधौना : वाराणसी के अधिवक्ता के परिचित की कार पर गाजीपुर में हुई कथित रूप से फायरिंग, साथी हुआ घायल

सिधौना। शादी समारोह में शामिल होकर वाराणसी लौट रहे लोगों की कार पर खानपुर थाना क्षेत्र में फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में चंदौली निवासी एक युवक के दाहिने हाथ में गोली लगने की बात सामने आई है। घायल को वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बता दें कि वाराणसी के अधिवक्ता शशि भूषण मिश्रा अपने परिचितों के साथ गाजीपुर के भूतहिया टांड क्षेत्र में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। वे दो कारों से गाजीपुर पहुंचे थे। अधिवक्ता ने बताया कि गाजीपुर आते समय रास्ते में एक थार वाहन को ओवरटेक करने को लेकर कार सवार लोगों से बहस हुई थी। आरोप है कि इसके बाद थार सवार लोगों ने उनकी एक साथी की कार में टक्कर मार दी। साथी ने किसी तरह वाहन आगे बढ़ाकर अपनी जान बचाई और शादी समारोह में शामिल हुए। मंगलवार की देर रात समारोह से वापस वाराणसी लौटते समय कथित तौर पर थार सवार लोगों और बाइक पर सवार दो अन्य व्यक्तियों ने उनके साथी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि कार नहीं रोकने पर बदमाशों ने वाहन पर कथित रूप से फायरिंग कर दी। इस दौरान चंदौली जिले के इलिया निवासी 30 वर्षीय अभिषेक सिंह पुत्र मुन्ना सिंह के दाहिने हाथ में कंधे के पास गोली लग गई। घटना के बाद घायल के साथियों ने डायल 112 पर सूचना दी और कार लेकर वाराणसी की ओर रवाना हो गए। वाराणसी पहुंचने पर अभिषेक को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इधर घटना की जानकारी मिलने पर खानपुर और सैदपुर पुलिस वाराणसी पहुंची और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से मंगलवार की देर रात घटना की सूचना मिली थी। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

