मरदह : अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं संग हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई चार, गंभीर रूप से घायल भैरोपुर के राजेंद्र ने भी तोड़ा दम





मरदह। अयोध्या धाम में दर्शन-पूजन कर पिकअप से घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बिरनो थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी 60 वर्षीय राजेंद्र राजभर का बुधवार को उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। गौरतलब है कि बीते 30 अक्टूबर को लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर भीखीपुर स्थित दशमेश पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने श्रद्धालुओं से भरी पिकअप में टक्कर मार दी थी। हादसे में एक महिला समेत तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 16 अन्य लोग घायल हुए थे। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। इसी हादसे में घायल राजेंद्र राजभर का भी उपचार किया जा रहा था। कुछ दिन अस्पताल में रहने के बाद उन्हें घर लाया गया था, लेकिन बुधवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर निधन हो गया। राजेंद्र राजभर सपा नेता एवं दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री डॉ. रमाशंकर राजभर के बड़े पिता थे। उनके निधन की खबर से भैरोपुर गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया। ग्रामीणों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< दुल्लहपुर : कथित रूप से असलहे की नोक पर आभूषण कारोबारी से चार लाख के जेवरव नकदी की लूट, बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम