दुल्लहपुर : कथित रूप से असलहे की नोक पर आभूषण कारोबारी से चार लाख के जेवरव नकदी की लूट, बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम





दुल्लहपुर। थानाक्षेत्र के जलालाबाद चौराहे के पास स्थित आभूषण की दुकान बंद कर घर लौट रहे दुकानदार टुनटुन वर्मा से बुधवार की शाम निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर नकदी और करीब चार लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। घटना एनएच-124डी पर ओवरब्रिज के अंतिम छोर के पास हुई। वारदात के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। जलालाबाद गांव निवासी टुनटुन वर्मा की जलालाबाद चौराहे के पास आभूषण की दुकान है। बुधवार की शाम करीब 5ः45 बजे वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। ओवरब्रिज के अंतिम छोर पर पहुंचने के बाद अंधेरे वाले स्थान पर पीछे से आए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें पैर से धक्का देकर गिरा दिया। टुनटुन वर्मा ने शोर मचाते हुए ईंट उठाकर बदमाशों को दौड़ाने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पिस्तौल निकालकर उन पर तान दी। इसके बाद उनका बैग लेकर फरार हो गए। बैग में नकदी और करीब चार लाख रुपये के आभूषण होने की बात बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस कुछ देर मौके पर रुकने के बाद लौट गई। इसके बाद पहुंची पुलिस व्यापारी को जलालाबाद चौकी ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने बताया कि बदमाशों के भागने की दिशा में उनकी तलाश की जा रही है। व्यापारी से घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< वाराणसी : सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में यूपी को कांस्य पदक, रेलवे के अतुलदीप का रहा अहम योगदान, पंजाब को 3-1 से हरा यूपी ने हासिल किया तीसरा स्थान
मरदह : अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं संग हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई चार, गंभीर रूप से घायल भैरोपुर के राजेंद्र ने भी तोड़ा दम >>