भीमापार : प्रेरणा और यू-डायस पोर्टल के नामांकन में बड़ा अंतर, सवालों के घेरे में आया सादात के कई विद्यालयों का डेटा, कार्यप्रणाली पर उठने लगे सवाल





भीमापार। परिषदीय विद्यालयों में छात्र नामांकन के आंकड़ों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। प्रेरणा पोर्टल और यू-डायस पोर्टल पर दर्ज छात्र संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है। सादात विकासखंड के विद्यालयों की 25 नवंबर 2026 को जारी डेटा रिपोर्ट में कई विद्यालयों के नामांकन आंकड़ों में विसंगतियां दर्ज की गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सादात ब्लॉक के यूपीएस डढ़वल में प्रेरणा पोर्टल पर 227 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज है, जबकि यू-डायस पर 192 विद्यार्थी दर्ज हैं। इस प्रकार दोनों पोर्टलों के आंकड़ों में 35 बच्चों का अंतर है। इसी तरह कंपोजिट विद्यालय बरहपार नसरतपुर में 26, प्राथमिक विद्यालय इटवा में 25, यूपीएस पिपनार में 22 तथा प्राथमिक विद्यालय पवहारी कुटी और कंपोजिट विद्यालय पचरुखवां में 20-20 बच्चों का अंतर मिला है। नामांकन में गिरावट के आंकड़े भी सामने आए हैं। कंपोजिट विद्यालय गदाईपुर में पिछले सत्र के मुकाबले 49, पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय सरदरपुर में 48, कंपोजिट विद्यालय इकरा में 46, प्राथमिक विद्यालय परिवार में 45 और कंपोजिट विद्यालय आराजी कस्बा सवाद में 40 विद्यार्थियों की कमी दर्ज की गई है। रिपोर्ट में कुछ ऐसे विद्यालय भी हैं, जहां यू-डायस पर प्रेरणा पोर्टल की अपेक्षा कम नामांकन दर्ज है। इनमें यूपीएस पलिवार में 16, प्राथमिक विद्यालय मई प्रथम में 11, यूपीएस बिजहरी में 10 और प्राथमिक विद्यालय तिसड़ा में नौ बच्चों का अंतर है। वहीं कंपोजिट विद्यालय बनकटा, यूपीएस हीराधरपुर, कंपोजिट विद्यालय मंजुई, यूपीएस मई और यूपीएस मिर्जापुर में दोनों पोर्टलों के आंकड़े समान पाए गए हैं। नामांकन के आंकड़ों में अंतर से डेटा की शुद्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। छात्र संख्या के आधार पर विद्यालयों को मध्याह्न भोजन, पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म सहित अन्य शैक्षिक सुविधाओं का आवंटन और प्रबंधन किया जाता है। ऐसे में दोनों पोर्टलों पर अलग-अलग आंकड़े दर्ज होने से योजनाओं के क्रियान्वयन और वास्तविक नामांकन का आकलन प्रभावित हो सकता है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रधानाध्यापकों को दोनों पोर्टलों पर दर्ज छात्र संख्या का मिलान कर विसंगतियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी सादात गौतम प्रसाद ने बताया कि संबंधित विद्यालयों से इस संबंध में आख्या मांगी गई है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भांवरकोल : यात्रियों से भरी चलती पिकअप में अचानक तबीयत बिगड़ने से पिकअप चालक की मौत, परिजनों का बुरा हाल
मरदह : ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर हुआ हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मचा कोहराम >>