गाजीपुर : भाजपा ने संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाया संविधान दिवस, संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को बताया सशक्त लोकतंत्र की पहचान





गाजीपुर। भाजपा द्वारा गुरुवार को छावनी लाइन स्थित जिला कार्यालय पर संविधान दिवस को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में संविधान की भूमिका पर चर्चा की गई। बतौर मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आत्मा, राष्ट्रीय एकता का आधार और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का संरक्षक है। संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय संप्रभुता का जीवंत आधार है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सदस्यों ने व्यापक विचार-विमर्श और दूरदर्शिता के साथ इसकी रचना की। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान किए हैं। संविधान में महिलाओं के अधिकारों, सामाजिक न्याय और समानता की जो व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, वह समावेशी एवं सशक्त भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने नागरिकों से संविधान में प्रदत्त अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भारतीय संविधान राष्ट्रीय अस्मिता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और अखंडता का आधार स्तंभ है। संविधान ने विविधताओं से परिपूर्ण भारत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई, ताकि नई पीढ़ी संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा, उसके निर्माताओं के योगदान तथा नागरिक कर्तव्यों से परिचित हो सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के 4030 चयनित स्थानों पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं संरक्षित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रत्येक स्थान पर 10 लाख रुपये की व्यवस्था किए जाने की बात कही। इस मौके पर बृजेन्द्र राय, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, कालीचरन राजभर, राजेश राजभर, सुशीला सोनकर, बृजनन्दन सिंह, रामराज बनवासी, रामनरेश कुशवाहा, रमेश सिंह पप्पू, अमित सिद्धार्थ, शशिकान्त शर्मा, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, गर्वजीत सिंह, शनि चौरसिया, माया सिंह, धनंजय चौबे, वीरेंद्र चौहान, संकठा प्रसाद मिश्र, संतोष जायसवाल, विश्व प्रकाश अकेला, अविनाश सिंह, शीला सोनकर, अशोक गोंड, सुरेश बिंद, सुमन बिंद, पुनवासी राम, सुभाष राम आदि रहे। संचालन सुधाकर कुशवाहा ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : रामकरन इंटर कॉलेज के अखाड़ा पहुंचे भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष, पहलवानों ने किया स्वागत
करंडा : छत का करकट तोड़कर ग्राहक सेवा केंद्र में घुसे चोर, 50 हजार की नकदी व सामान पर किया हाथ साफ >>