अनौनी : कैथी में ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल, निमंत्रण से लौटने के दौरान हुआ हादसा

अनौनी। बनारस से निमंत्रण में शामिल होकर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे कुसहीं निवासी महेंद्र यादव कैथी स्थित मारकंडेय महादेव ओवरब्रिज पर सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसे में उनके हाथ और पैर में चार से पांच जगह फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। गुरूवार को ओवरब्रिज पर एक बोलेरो का अगला टायर अचानक फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर महेंद्र यादव के दोपहिया वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना दी। जानकारी मिलने पर सिधौना स्थित निजी अस्पताल से एंबुलेंस भेजी गई और घायल महेंद्र यादव को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, डायल 112 की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की और फरार चालक की तलाश का प्रयास किया। निजी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजेश यादव ने बताया कि महेंद्र यादव की हालत फिलहाल स्थिर है। उनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। हाथ और पैर में चार से पांच जगह फ्रैक्चर हैं और अस्पताल में उपचार जारी है।

