जखनियां : सिखड़ी बाजार के पास अचानक हुआ कुछ ऐसा कि नाले में बहने वाली थी देशी शराब

जखनियां। दुल्लहपुर के सिखड़ी बाजार से दक्षिण की ओर बनरहिया स्थित सकरी पुलिया पर गुरुवार की सुबह गोंडा से गाजीपुर सरकारी गोदाम जा रहा शराब लदा ट्रक पलटकर नाले में गिर गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव और पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद आबकारी विभाग के सब इंस्पेक्टर राहुल सरोज अपने हमराहियों वैभव पांडेय और आकाश यादव के साथ पहुंचे। हलका दरोगा इंद्रदेव सिंह ने ट्रक चालक से पूछताछ की। चालक निर्मल यादव निवासी बोझिया, थाना बिलरियागंज, आजमगढ़ ने बताया कि वह अपने ट्रक में गोंडा से देशी शराब लेकर गाजीपुर के सरकारी गोदाम जा रहा था। बताया कि पुलिया की चौड़ाई कम होने का अंदाजा नहीं लग पाया और रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण ट्रक सड़क किनारे नाले में पलट गया। उसने बताया कि वह स्वयं वाहन का मालिक है। ट्रक में लदा माल सुरक्षित है और हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

