जखनियां : पिता की मौत के बाद बेटों पर लगा हत्या का आरोप तो पुलिस ने रूकवाया अंतिम संस्कार, फिर पुराने जमीनी विवाद का निकला मामला

जखनियां। भुड़कुड़ा थानाक्षेत्र के मखदुमपुर गांव में वृद्ध की मौत के बाद उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब मृतक के छोटे भाई की पत्नी ने उनके बेटों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को रुकवाकर जांच-पड़ताल की। ग्रामीणों से पूछताछ और परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद पुलिस ने शिकायत के फर्जी व द्वेषवश किया जाना पाए जाने पर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मखदुमपुर गांव निवासी कन्हैया चौहान रात में भोजन करने के बाद अपने कमरे में सो गए थे। सुबह उनके पुत्रों ने जगाने का प्रयास किया तो वह मृत अवस्था में मिले। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। रोने-बिलखने की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी मृतक के छोटे भाई नागौर चौहान की पत्नी फेकनी देवी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके भतीजों ने ही अपने पिता की हत्या कर दी है। बताया जाता है कि कन्हैया चौहान और उनके छोटे भाई के परिवार के बीच जमीन और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम प्रधान अशोक गिरी सहित अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में मामले की छानबीन की। ग्रामीणों के बयान और मौके की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को हत्या संबंधी सूचना की पुष्टि नहीं मिली। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना के बाद दोनों पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। कोतवाल धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि फेकनी देवी की ओर से बेटों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सूचना दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें सूचना की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद शव को दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

