वाराणसी : बनारस स्टेशन पर शुरू हुआ गेमिंग जोन, बच्चों के मनोरंजन के साथ यात्रियों को मिलेगी खानपान की सुविधा

वाराणसी। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बच्चों के मनोरंजन के लिए बनारस स्टेशन पर गेमिंग जोन कम पैसेंजर एंटरटेनमेंट सेंटर की शुरुआत की गई है। बुधवार को स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ के सर्कुलेटिंग एरिया में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की मौजूदगी में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद डीआरएम ने अधिकारियों के साथ गेमिंग जोन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध मनोरंजन एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरजे चौधुरी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और मेन्स कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बनारस स्टेशन पर स्थापित इस गेमिंग जोन में पांच से 14 वर्ष तक के बच्चों के मनोरंजन के लिए एयरोप्लेन झूला, ट्रेन राइड, मिकी माउस और ट्रैम्पोलिन जंपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान बच्चों को स्टेशन परिसर में ही मनोरंजन का अवसर मिलेगा और उनका समय आनंदपूर्वक बीतेगा। गेमिंग जोन में यात्रियों के लिए खानपान की भी व्यवस्था की गई है। यहां चाय, कॉफी, ढोकला, ब्रेड-मक्खन, रेलनीर और रेलवे द्वारा अनुमोदित बोतलबंद पेयजल के अलावा कोल्ड ड्रिंक, लस्सी, छाछ, चिप्स, नमकीन, बिस्किट और आइसक्रीम आदि उपलब्ध होंगे। इस सुविधा के शुरू होने से स्टेशन आने वाले यात्रियों, खासकर बच्चों और उनके परिवारों को एक ही परिसर में मनोरंजन और खानपान की सुविधाएं मिल सकेंगी। पूर्वाेत्तर रेलवे वाराणसी मंडल का कहना है कि यात्रियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी यात्रा को सुविधाजनक और सुखद बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

