वाराणसी : डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के तहत पेंशनरों को दिया गया प्रशिक्षण, जारी किए गए डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र

वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के अंतर्गत गुरुवार को पेंशनरों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में मंडल कार्यालय स्थित पेंशनर्स एसोसिएशन विभाग में आयोजित शिविर में 14 पेंशनरों ने भाग लिया। इनमें से तीन पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) जारी किया गया। शिविर के दौरान पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई और आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रक्रिया से संबंधित जानकारीपरक पंपलेट व्हाट्सऐप के माध्यम से सभी पेंशनरों को उपलब्ध कराया गया। शिविर में पेंशनरों की पेंशन से जुड़ी समस्याओं को भी सुना गया। उनके समाधान के लिए आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। रेलवे प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य पेंशनरों को डिजिटल सुविधाओं के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है।

