कासिमाबाद : पुराने विवाद में बदमाशों ने किया दो युवकों पर हमला, इलाज के लिए ले जाते समय एक की मौत, परिजनों में कोहराम





कासिमाबाद। थानाक्षेत्र के राजापुर चट्टी पर रविवार की शाम पूर्व में हुए विवाद को लेकर दो युवकों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित परिजन मृतक का शव लेकर कासिमाबाद थाने पहुंच गए और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तहरीर के आधार पर तीन नामजद सहित 10-11 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बरेसर के हसनपुर गोरा गांव निवासी छोटेलाल राजभर पुत्र बैजनाथ राजभर का कुछ दिन पूर्व बरेसर बाजार में मनीष राजभर निवासी उरहां, कासिमाबाद के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रविवार को छोटेलाल अपने मित्र राहुल बिंद पुत्र रामधनी बिंद निवासी भागीपुर, थाना बरेसर के साथ कासिमाबाद थाना क्षेत्र के राजापुर चट्टी पर नाश्ता करने बैठे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोग गोलबंद होकर पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया। हमले में छोटेलाल और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर छोटेलाल को अन्यत्र रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजन रविवार की देर रात शव लेकर थाने पहुंच गए और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुनील बिंद व मनीष राजभर निवासी राजापुर कलां और राहुल राजभर निवासी मिश्रौली, कासिमाबाद सहित 10-11 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है और मामले की जांच की जा रही है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : फुलवारी कलां में फिर अजगर मिलने से ग्रामीणों में बढ़ी दहशत, अजगर का कुनबा होने की आशंका तेज
करंडा : अपनी लंबित मांगों को लेकर रोजगार सेवकों ने सौंपा पत्रक, दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी >>